कैराना
हरियाणा-यूपी सीमा पर स्थित यमुना नदी पर संगम घाट की मांग को लेकर सैकड़ों श्रद्धालुओं का पैदल मार्च
महापंचायत में पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की उठी मांग, गंदेवड़ा से गंगा जल लाकर संगम बनाने का रखा प्रस्ताव
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कैराना। यमुना सुधार समिति के बैनर तले रविवार को हरियाणा- यूपी सीमा पर स्थित यमुना पुल बॉर्डर के पास यमुना-गंगा संगम घाट बनाने की मांग को लेकर सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पैदल मार्च निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान आयोजित महापंचायत में यूपी व हरियाणा के दर्जनों गांवों के लोग, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और अधिवक्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।
रविवार की सुबह यह पैदल मार्च हरिद्वार हाईवे पर गांव रामड़ा आर के सामने से शुरू हुआ। श्रद्धालु नारे लगाते हुए हरियाणा-उत्तर प्रदेश सीमा पर बने यमुना पुल को पार कर यूपी की ओर पहुंचे और फिर वापस पुल से होते हुए पानीपत के सनौली थाना क्षेत्र में यमुना पुलिस नाका के पास आकर कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस दौरान संगम घाट निर्माण की मांग को लेकर श्रद्धालुओं ने जोरदार नारेबाजी की। यमुना सुधार समिति के प्रदेशाध्यक्ष एडवोकेट रतन सिंह रावल ने कहा कि हिंदुओं के सबसे बड़े धार्मिक पर्व महाकुंभ के दौरान प्रयागराज स्थित गंगा-यमुना संगम पर करोड़ों श्रद्धालु स्नान के लिए पहुंचते हैं। इसी प्रकार उत्तर प्रदेश के शामली जिले के गांव गंदेवड़ा में भी संगम स्थल का स्वरूप उभर रहा है, जहां अमावस्या, पूर्णिमा, गंगा दशहरा और कुंभ जैसे अवसरों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान करने पहुंचते हैं।उन्होंने बताया कि गंदेवड़ा संगम स्थल से गंगा का पानी बरसाती नदी के माध्यम से यमुना पुल तक लाया जा सकता है, क्योंकि सहारनपुर से गंदेवड़ा होते हुए यह बरसाती नदी सीधे यमुना पुल तक आती है। यदि इस मार्ग का उपयोग किया जाए तो बिना भूमि अधिग्रहण के यमुना पुल के पास संगम घाट विकसित किया जा सकता है। रावल ने कहा कि यहां संगम स्थल बनने से हरियाणा, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लाखों श्रद्धालुओं को हरिद्वार या प्रयागराज जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। साथ ही यह क्षेत्र धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित हो सकेगा, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा।इस दौरान पानीपत बार एसोसिएशन के प्रधान सुरेंद्र दूहन ने कई अधिवक्ताओं के साथ पैदल मार्च में भाग लेते हुए संगम घाट निर्माण की मांग का समर्थन किया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक भरत सिंह छौक्कर, एसपी अरोड़ा सीनियर एडवोकेट, संजय त्यागी सरपंच सनौली खुर्द, प्रदीप कश्यप सरपंच रामड़ा आर, नरसिंह रावल सरपंच प्रतिनिधि रिशपुर, गोविंद सरपंच प्रतिनिधि तामशाबाद, दलबीर रंगा सरपंच अधमी, पप्पू रावल पूर्व सरपंच संजौली, सुरेंद्र शर्मा पूर्व सरपंच, विपिन पांचाल सनौली, रामदास एडवोकेट, सुंदर रावल गोयला, धर्मबीर पूर्व चेयरमैन, रोशन छौक्कर एडवोकेट, राहुल खान, जितेंद्र रावल एडवोकेट, राजबीर प्रजापत, मोहन पंडित, आजिम खान एडवोकेट व सुखचैन एडवोकेट सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।


