
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : जिला पंचायत सदस्य अंशु सूरज मावी ने ग्राम पंचायत निठौरा में श्मशान घाट तक जाने वाले नए मार्ग का आज लोकार्पण किया । इस अवसर पर गांव के वरिष्ठ लोगों से नारियल फोड़कर मार्ग का उद्घाटन कराया गया, जिससे कार्यक्रम को पारंपरिक रूप दिया गया।
कार्यक्रम में पहुंचने पर ग्रामीणों ने भाजपा नेता ईश्वर मावी और अंशु सूरज मावी का फूल-माला पहनाकर स्वागत किया। बड़ी संख्या में ग्रामीण इस मौके पर मौजूद रहे और विकास कार्य के प्रति खुशी जताई।
सभा को संबोधित करते हुए अंशु सूरज मावी ने बताया कि उनके कार्यकाल में क्षेत्र में करोड़ों रुपये के विकास कार्य कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि निठोरा गांव में पहले भी सड़क और नाली निर्माण जैसे कई काम पूरे किए जा चुके हैं और आगे भी विकास कार्य लगातार जारी रहेंगे। साथ ही उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन भी दिया कि जल निकासी की समस्या के समाधान के लिए जल्द ही बड़े नाले का निर्माण कराया जाएगा।
वहीं चौधरी महेंद्र बैसोया ने अपने संबोधन में कहा कि विकास कार्यों के साथ-साथ जनता के सुख-दुख में साथ खड़े रहने वाले नेता बहुत कम होते हैं, लेकिन ईश्वर मावी हमेशा लोगों के बीच सक्रिय रहते हैं। उन्होंने गांव में कराए गए विकास कार्यों के लिए अंशु सूरज मावी का भी आभार जताया।
इस कार्यक्रम में चौधरी महेंद्र बैसोया, राजा चौधरी, कवर सिंह, योगेश बैसोया, सतीश, लोकेश, भीम सिंह, धीरज, विनोद, जयचंद, गौरव बैसोया, बेनी सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।


