गोड्डा
विद्यानगर में नए डीएवी स्कूल का हुआ शुभारंभ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पौड़ैयाहाट। प्रखंड मुख्यालय के विद्यानगर में नये डीएवी स्कूल का शुभारंभ किया गया। स्कूल का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन यज्ञ के साथ किया गया। इस हवन यज्ञ में स्कूल के प्राचार्य संजय कुमार सिंहा के अतिरिक्त सियाराम भगत, डीएवी स्कूल ऊर्जा नगर के मैनेजर एसके श्रीवास्तव आदि ने भाग लिया। नए स्कूल के नए प्राचार्य संजय सिन्हा ने कहा कि नए स्कूल को प्रारंभ करना एक चुनौती भरा कार्य है, लेकिन जो दायित्व कमेटी ने उन्हें दिया है। उस संकल्प पर वह पूरा उतारने का प्रयास करेंगे और विद्यालय के विकास के लिए वे कृत संकल्पित है। वही, मैनेजर एसके श्रीवास्तव ने कहा कि शिक्षा का मुख्य उद्देश्य किताबी ज्ञान तक ही सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों में ज्ञान के अतिरिक्त उनके पूर्व विरासत संस्कार सभी चीजों का समावेश हो तभी शिक्षा पूर्ण होती है। डीएवी इसके लिए शुरू से ही अपने कार्यों के लिए जाना जाता है। उन्होंने कहा कि उपस्थित लोगों के सहयोग से यह विद्यालय एक अच्छा विद्यालय बनेगा और बच्चों के चरित्र निर्माण में सभी का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इलाके में प्रतिभावान बच्चों से कमी नहीं है। उन्हें सही मौका नहीं मिला है और अब सही मौका मिलेगा तो उनका चतुर्दिक विकास होगा। वहीं, समाजसेवी श्यामानंद वत्स ने कहा कि स्कूल का ब्रांड मायने नहीं रखता है। मायने रखता है कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए जो शिक्षक हैं, वह कितने सक्षम है। उन्होंने उम्मीद जताया कि डीएवी अपने नाम के अनुरूप शिक्षा देंगे। अजय शर्मा ने कहा कि पोडैयाहाट शिक्षा का हब माना जाता है। यहां आज दर्जनों स्कूल है। जहां तकरीबन 20 हजार बच्चे अध्यनरत है। जबकि सौ से ज्यादा लॉज है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में डीएवी स्कूल प्रगति करें और बच्चों की अच्छी, सस्ती और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दे। मौके पर समाजसेवी दीप नारायण भगत, सर्वोदय भगत, पन्नालाल साह, झामुमो जिला अध्यक्ष प्रेमनंदन कुमार, शिक्षक आशीष मिश्रा रंजीता तिवारी, प्रशांत चक्रवर्ती वेद व्रत, मधुबाला, पूनम, के के उपाध्याय, विजेंद्र कुमार, विनोद कुमार, मीना जयसवाल सहित काफी संख्या में अभिभावक उपस्थित थे।



