लोकमान्य टर्मिनल एक्सप्रेस का परिचालन धनबाद से मुंबई, कोयलांचल के लोगों में खुशी की लहर
Operation of Lokmanya Terminal Express from Dhanbad to Mumbai, wave of happiness among the people of Koyla Nchal

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
धनबाद । कतरास में उस समय उत्साह का माहौल देखने को मिला, जब धनबाद से कतरासगढ़ होते हुए मुंबई तक चलने वाली लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस ट्रेन का जोरदार स्वागत किया गया। कतरासगढ़ रेलवे स्टेशन पर सोमवार की रात 11:15 बजे ट्रेन के पहुंचते ही जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने ड्राइवर व गार्ड का माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर अभिनंदन किया। इस मौके पर सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी और विधायक शत्रुघ्न महतो सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने कहा कि कतरासगढ़ रेलवे स्टेशन पर लोकमान्य तिलक समेत अन्य ट्रेनों के ठहराव के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि अमृत भारत योजना के तहत करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन का जीर्णोद्धार किया गया है और भविष्य में और ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित किया जाएगा। वहीं विधायक शत्रुघ्न महतो ने इस ऐतिहासिक ठहराव पर सभी को बधाई देते हुए कहा कि इस मार्ग से गुजरने वाली सभी ट्रेनों का कतरासगढ़ में ठहराव कराने के लिए वे पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि और सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बन गया।



