खैरथल

खैरथल में नहीं थम रहा गौ तस्करी का गोरखधंधा

लोगों ने जताई चिंता,कारवाही की मांग 

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
खैरथल : खैरथल शहर में गौ तस्करी के लगातार सामने आ रहे मामलों ने आमजन में गहरी चिंता पैदा कर दी है। बेखौफ गौ तस्कर खुलेआम गौवंश को ले जाने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
मंगलवार को यह मुद्दा पूरे दिन सोशल मीडिया पर छाया रहा, जब बीती रात की एक घटना ने शहरवासियों को झकझोर कर रख दिया। जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 35 में सुबह करीब चार बजे आधा दर्जन बदमाश, मुंह पर कपड़ा बांधकर पहुंचे और लाठियों के बल पर गौवंश को घेरकर ले जाने का प्रयास करने लगे।
हालांकि, मोहल्ले में लोगों के जाग जाने और शोर मचाने पर तस्कर मौके से फरार हो गए। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच कर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। लेकिन स्थानीय लोगों और गौ प्रेमियों का आरोप है कि इस तरह की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं और पुलिस से अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि कुछ दिन पहले रेल अंडरब्रिज के पास, गाड़िया लुहारों की बस्ती के निकट भी एक पिकअप वाहन में गौवंश को ले जाने का मामला सामने आया था। बावजूद इसके, तस्करों के हौसले कम नहीं हुए हैं।
गौ प्रेमियों और क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि अगर समय रहते कदम नहीं उठाए गए, तो इस तरह की घटनाएं और बढ़ सकती हैं।
अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में क्या ठोस कदम उठाती है और क्या खैरथल में गौ तस्करी पर लगाम लग पाती है या नहीं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button