कानपुर
कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) निधि से एक मारुति एको वातानुकूलित एम्बुलेंस भेंट की गई

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कानपुर : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अनु-संगीक संगठन, जो सेवा,समृद्धि, जागरण,प्रशिक्षण,स्वास्थ्य, संस्कार,स्वावलंबन एवं शिक्षा जैसे विविध क्षेत्रों में “नर सेवा ही नारायण सेवा” के भाव से निस्वार्थ राष्ट्रसेवा कर रहा है,ऐसे सेवा-निष्ठ संगठन सेवा भारती, कानपुर प्रांत को रक्षा क्षेत्र में कार्यरत कंपनी एरोन सिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड,पुणे (महाराष्ट्र) द्वारा अपने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) निधि से एक मारुति एको वातानुकूलित एम्बुलेंस भेंट की गई। यह एम्बुलेंस सेवा भारती के प्रांत संगठन मंत्री गजेंद्र और उनकी टीम के सतत प्रयासों का परिणाम है, जिससे संगठन के स्वास्थ्य आयाम को और अधिक सुदृढ़ किया जा सकेगा। यह सुविधा विशेष रूप से जरूरतमंद, असहाय एवं दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। एस.बी. कार प्राइवेट लिमिटेड के महाप्रबंधक भूपेंद्र सिंह ने सेवा भारती के प्रांत मीडिया प्रभारी निर्मल त्रिपाठी एवं विभाग मंत्री जय भदौरिया,गोविंद सिंह तथा शिल्पी त्रिपाठी को एम्बुलेंस की चाबी सौंपी। इस दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने इस पहल को समाजसेवा की दिशा में एक सराहनीय कदम बताया। इस अवसर पर सेवा भारती के अध्यक्ष राकेश श्रीवास्तव,उपाध्यक्ष डॉ. अरविंद सक्सेना,महामंत्री रमाशंकर,देवेंद्र भदौरिया तथा अतुल निगम ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह एम्बुलेंस संगठन के सेवा कार्यों को नई गति देगी तथा अधिक से अधिक लोगों तक राहत और सहायता पहुंचाने में सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने सहयोग देने वाली संस्था के प्रति आभार भी व्यक्त किया। एम्बुलेंस में सभी अत्याधुनिक जीवन रक्षक उपकरण विधिवत स्थापित किए जाने के उपरांत इसका विधिवत लोकार्पण किया जाएगा। यह पहल समाज के कमजोर वर्गों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।



