गोड्डा
कई महीनो का किसान का मेहनत मिनट में जलकर हुआ राख

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बसंतराय/गोड्डा : बसंतराय से एक बेहद ही दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। जहां एक किसान की महीनों की मेहनत कुछ ही मिनटों में जलकर राख हो गई। यह जो दृश्य आप अपने स्क्रीन पर देख रहे हैं। यह किसी श्मशान का नहीं है और ना ही यह किसी बेकार पुआल में लगी आग है। बल्कि यह आग है। एक मेहनतकश किसान के सपनों की उसकी उम्मीदों की और उसके पूरे परिवार के सहारे की। मामला बसंतराय प्रखंड के कैथपूरा गांव का है। वहां के निवासी अधिकलाल यादव के खेत में जमा लगभग 3 बीघा गेहूं को बीती रात अज्ञात लोगों ने आग के हवाले कर दिया।
पीड़ित किसान के अनुसार, गेहूं पूरी तरह तैयार था और उसे काटकर खेत में ही जमा किया गया था। मशीन आने के बाद वहीं खेत में दाना निकाला जाता और फिर दाना और भूसा अलग-अलग कर घर लाया जाता। लेकिन उससे पहले ही किसी अज्ञात व्यक्ति ने गेहूं के ढेर में आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कुछ ही मिनटों में पूरी फसल को अपनी चपेट में ले लिया। जब तक किसान को इस घटना की जानकारी मिली और वे मौके पर पहुंचे तब तक बहुत देर हो चुकी थी पूरा गेहूं जलकर राख बन चुका था। यह सिर्फ फसल का नुकसान नहीं है बल्कि एक परिवार की उम्मीदों का अंत है। जिस अनाज से पूरे साल घर का गुजारा होना था आज वही अनाज खेत में ही खत्म हो गया। इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे और आर्थिक संकट में डाल दिया है।
बताया जा रहा है कि इस आगजनी में करीब 80 से 90 हजार रुपये का नुकसान हुआ है, जो एक किसान के लिए बहुत बड़ी रकम होती है। अब सबसे बड़ा सवाल यह उठता है कि आखिर इस नुकसान की भरपाई कौन करेगा। क्या प्रशासन इस पीड़ित किसान की मदद के लिए आगे आएगा और क्या दोषियों की पहचान कर उन्हें सजा दी जाएगी।
फिलहाल मामले की जानकारी स्थानीय प्रशासन को दे दी गई है और जांच की मांग की जा रही है। वहीं, इस घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है लोगों का कहना है कि दोषियों को जल्द से जल्द पकड़कर सख्त कार्रवाई की जाए। ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह किसी किसान की मेहनत को आग में झोंकने की हिम्मत ना कर सके।



