
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा हसनपुर। हसनपुर तहसील क्षेत्र के ग्रामीण की ज्वलंत समस्याओं को लेकर बुधवार को राष्ट्र सेवी संगठन के कार्यकर्ताओं ने तहसील परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी (एसडीएम) कार्यालय में सौंपकर जल्द कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्ण कुमार शर्मा ने प्रदेश सरकार की नीतियों के पालन में स्थानीय प्रशासन की ढिलाई पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने 1 अप्रैल से सरकारी केंद्रों पर गेहूं की खरीद शुरू करने के आदेश दिए थे, लेकिन विडंबना यह है कि हसनपुर क्षेत्र में अब तक खरीद प्रक्रिया ठप पड़ी है। किसान अपनी उपज लेकर परेशान हैं।
इसके अलावा, उन्होंने खाद्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्षेत्र के पात्र गरीबों के राशन कार्ड काट दिए गए हैं। उन्होंने मांग की कि वंचित परिवारों के नाम तुरंत सूची में जोड़े जाएं ताकि उन्हें सरकारी राशन मिल सके।
संगठन ने अन्य स्थानीय समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि लगाए गए स्मार्ट मीटर गलत रीडिंग दे रहे हैं, जिससे उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। हसनपुर नगर में प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र लाभार्थियों को लाभ न मिलने पर रोष प्रकट किया गया। हसनपुर से भदौरा को जाने वाला मार्ग पूरी तरह जर्जर हो चुका है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।प्रशासन की अनदेखी के चलते जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रही है। अगर गेहूं की खरीद तुरंत शुरू नहीं हुई और जर्जर सड़कों की मरम्मत न की गई, तो संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा। इस अवसर पर मुख्य रूप से मोनू अग्रवाल, गजराज सिंह , भूपेंद्र सिंह, सुरभित गुप्ता एड, संजीव कुमार,सहित संगठन के दर्जनों कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। प्रशासन ने ज्ञापन लेकर उचित वैधानिक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।



