गोड्डा
सरकंडा चौक में हल्के बारिश से जलजमाव को लेकर ज्ञापन सौंपा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। शहर के सरकंडा चौक की स्थिति अब लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनती जा रही है। हल्की सी बारिश होते ही यहां की सड़कें पानी से लबालब भर जाती हैं, जिससे राहगीरों, दुकानदारों और स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इस गंभीर समस्या को लेकर पूर्व जिला परिषद सदस्य रंजना कुमारी ने स्थानीय ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों के साथ मिलकर
उपायुक्त को आवेदन देकर अवगत कराया। ज्ञापन में मांग की गई है कि सरकंडा चौक स्थित बजरंगबली मंदिर के पास दोनों ओर नाले की सफाई जल्द कराई जाए। बताया गया कि मनोज शाह की दुकान से प्रधानी जमीन तक तथा यमुना साह की दुकान से प्रधानी जमीन तक नाले की सफाई और जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त कराना बेहद जरूरी है।इस आवेदन पर पूर्व जिला परिषद सदस्य रंजना कुमारी सहित कई ग्रामीणों ने हस्ताक्षर किया। जिला परिषद प्रतिनिधि विकास सिंह के साथ तमाम स्थानीय लोग गोड्डा उपायुक्त को ज्ञापन सौंपने पहुंचे। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कब तक संज्ञान लेता है। क्योंकि अगर अभी समाधान नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में बरसात के मौसम में यह समस्या और विकराल रूप ले सकती है।



