बागपत
मेडिसिटी हॉस्पिटल बड़ौत में कैंसर एवं नेत्र रोग ओपीडी का भव्य शुभारंभ

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
बड़ौत। जनपद बागपत के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए कस्बे के मेडिसिटी हॉस्पिटल में कैंसर एवं नेत्र रोग ओपीडी का भव्य शुभारंभ गुरुवार, 9 अप्रैल 2026 को किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व सांसद Dr. Satya Pal Singh ने फीता काटकर ओपीडी का उद्घाटन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 8:00 बजे विधिवत हवन-यज्ञ के साथ हुई, जिसमें अस्पताल प्रबंधन एवं गणमान्य अतिथियों ने भाग लेकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और मरीजों के उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। इसके पश्चात कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. तरुण तोमर एवं नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. शास्या तोमर की ओपीडी का अलग-अलग फीता काटकर शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में Dr. Satya Pal Singh ने कहा कि आज के समय में कैंसर और नेत्र रोग जैसी गंभीर बीमारियों के लिए स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने मेडिसिटी हॉस्पिटल की इस पहल को जनसेवा की दिशा में सराहनीय कदम बताते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के लोगों को महानगरों की ओर भागदौड़ से राहत मिलेगी और समय पर उपचार संभव हो सकेगा।
अस्पताल के संचालक डॉ. मनीष तोमर एवं डॉ. गीतांजलि तोमर ने बताया कि इस नई ओपीडी के माध्यम से मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परामर्श, जांच और उपचार की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य ग्रामीण एवं कस्बाई क्षेत्र के लोगों को सुलभ, सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है।
कार्यक्रम का संचालन रवि शास्त्री, मंत्री जिला आर्य प्रतिनिधि सभा बागपत द्वारा किया गया। इस मौके पर अलका तोमर, सुरेंद्रपाल आर्य, राष्ट्रवर्धन मुनि, रामपाल तोमर, कपिल आर्य, डॉ. राजेंद्र कुमार (कैंसर रोग विशेषज्ञ), सविता आर्या सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।
अस्पताल प्रबंधन ने इस पहल को जनहित में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराकर गंभीर बीमारियों से बचाव सुनिश्चित करें।



