जालौन

माधौगढ़ में किशोर की हत्या का खुलासा दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस मुठभेड़ में एक आरोपी रोहित हुआ घायल

 पुलिस ने देशी तमंचा 315 बोर, दो खोखा कारतूस, हत्या में प्रयुक्त कांच की बोतल, तीन मोबाइल बरामद
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
उरई (जालौन)। थाना माधौगढ़ क्षेत्र में किशोर की हत्या की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई के दौरान एक आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल भी हुआ है। पुलिस अधीक्षक जालौन विनय कुमार सिंह के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार वर्मा के नेतृत्व में यह महत्वपूर्ण सफलता हासिल की गई।
27 मार्च 2026 को परमाल सिंह निवासी ग्राम रुद्रपुरा ने अपने पुत्र कमल प्रताप सिंह उर्फ कुक्के के लापता होने की रिपोर्ट कोतवाली माधौगढ़ में दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनका पुत्र 25 मार्च को बिना बताए घर से कहीं चला गया था। पुलिस ने तत्काल गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। घटना ने गंभीर मोड़ तब लिया जब पुलिस को यह पता चला कि लापता किशोर का शव गांव के ही निवासी रोहित के बाड़े में मिट्टी में दबा हुआ है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने दो विशेष टीमों का गठन किया। जांच के दौरान पुलिस ने ग्राम रुद्रपुरा निवासी रोहित और तेज प्रताप सिंह उर्फ तेजा को हिरासत में लेकर पंूछतांछ की। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि 26 मार्च को रोहित के बाड़े में शराब पीने के दौरान हुए विवाद में उन्होंने कमल की कांच की बोतल से मारकर हत्या कर दी थी और शव को मिट्टी में दबा दिया था। इसके बाद पुलिस आरोपियों को हत्या में प्रयुक्त साक्ष्य बरामद कराने ले गई। इसी दौरान रोहित ने छिपाकर रखे तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायर किया जिसमें रोहित के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मौके से एक देशी तमंचा 315 बोर, दो खोखा कारतूस, हत्या में प्रयुक्त कांच की बोतल और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button