जालौन

गेहूं खरीद केंद्रों पर लापरवाही से किसान परेशान

वारदाना होते हुए भी नहीं हो रही तुलाई 

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
जालौन : क्षेत्र के सूरजपुरा, विरहरा-सिहारी पडैया, परदानी, कमसेरा, करनपुरा व मकरन्दपुरा गांवों के किसानों ने गेहूं खरीद केंद्रों पर हो रही अव्यवस्थाओं को लेकर उपजिलाधिकारी से शिकायत की है। किसानों का आरोप है कि खरीद केंद्रों पर तैनात कर्मचारी गेहूं खरीद में लापरवाही बरत रहे हैं, जिससे उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
किसानों ने बताया कि कहीं वारदाना की कमी का बहाना बनाया जा रहा है तो कहीं पल्लेदारी के नाम पर अधिक वसूली की जा रही है। आरोप है कि कई केंद्रों पर वारदाना उपलब्ध होने के बावजूद किसानों को यह कहकर लौटा दिया जाता है कि वारदाना नहीं है और आने पर ही तुलाई की जाएगी।
इस स्थिति के चलते किसानों को कई-कई दिनों तक केंद्रों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। खुले में पड़ी फसल खराब होने का खतरा बना हुआ है। किसानों का कहना है कि वे पिछले पांच दिनों से खरीद केंद्रों पर डटे हुए हैं, लेकिन अब तक उनकी फसल की तुलाई नहीं हो सकी है। किसानों में इस समस्या को लेकर आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय पर गेहूं की खरीद नहीं की गई तो उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। किसानों ने उपजिलाधिकारी से मामले में शीघ्र जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
इस दौरान अनिल कुमार, मोहित, कपिल, पुष्पेंद्र सहित एक दर्जन किसान मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button