
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कैराना। जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन सवेरा” के तहत कैराना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 92 ग्राम अवैध स्मैक, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है, बरामद की है। साथ ही एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक अभिषेक सिंह के निर्देशन में चल रहे इस अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी. सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला एवं क्षेत्राधिकारी कैराना हेमन्त कुमार के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार गुरुवार की रात थाना कैराना पुलिस टीम ने ग्राम बुच्चाखेड़ी निवासी सुमित पुत्र सामा और कृष्ण चंद पुत्र साधू को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से 92 ग्राम स्मैक, बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन (ओप्पो व पोको कंपनी) बरामद किए गए। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना कैराना में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपियों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाल रही है, ताकि तस्करी के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके। कार्रवाई में उपनिरीक्षक पवन कुमार, कांस्टेबल अंकित कुमार और कांस्टेबल पवनीश कुमार की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

