गोड्डा
गोड्डा में अनाज गोला पर फायरिंग, 9 मार्च को मांगी गई थी 10 लाख की रंगदारी
एक मजदूर घायल, अज्ञात अपराधियों ने घटना को दिया अंजाम, जांच में जुटी पुलिस

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
मेहरमा। मेहरमा थाना क्षेत्र के सुढ़नी मोड़ स्थित एक अनाज गोला में अज्ञात अपराधियों ने फायरिंग किया। इस घटना में अनाज गोला में कार्यरत एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, नीले रंग की अपाची बाइक पर सवार दो अपराधी अनाज गोला के पास पहुंचे और अचानक दो राउंड फायरिंग कर फरार हो गए। पहली गोली दुकान के टेबल में लगी, जबकि दूसरी गोली वहां कार्यरत मजदूर जयराम मंडल के पैर में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अनाज गोला के मालिक निलेश कुमार ने बताया कि फायरिंग अचानक हुई, जिससे सभी लोग घबरा गए। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि बीते 9 मार्च को उन्हें फोन पर 10 लाख रंगदारी मांगने की धमकियां मिली थी। जिसकी शिकायत उन्होंने स्थानीय मेहरमा थाने में की थी। हालांकि, उस मामले में पुलिस के द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई थी। घटना की सूचना मिलते ही महागामा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंद्रशेखर आजाद और मेहरमा थाना प्रभारी सौरभ कुमार ठाकुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। घायल मजदूर जयराम मंडल (पिता राजेंद्र मंडल, निवासी सुढ़नी, थाना मेहरमा, जिला गोड्डा) को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेहरमा ले जाया गया। वहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें सदर अस्पताल, गोड्डा रेफर कर दिया गया है। महागामा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंद्रशेखर आजाद ने बताया कि सुढ़नी मोड़ के पास एक धान व्यवसाय के गोदाम में दो राउंड गोली चलने की सूचना मिली है, जिसमें एक मजदूर के पैर में गोली लगी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और हर बिंदु पर गहनता से जांच पड़ताल की जा रही है। अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।
वही, मामले को लेकर महागामा के पूर्व बीजेपी विधायक अशोक भगत ने कहा की एक मोबाइल नंबर से अपराधियों ने धान व्यवसाय को फोन कर 10 लाख की रंगदारी मांगी थी। जिसकी शिकायत उन्होंने थाने में लिखित शिकायत की थी। जिसके बाद आज गोला पर गोली चल गई। व्यवसाय निलेश कुमार की जान तो बच गई। लेकिन स्टाफ की पैर में गोली लग गई। थाने में लिखित शिकायत के बाद भी पुलिस कोई ठोस कदम नहीं उठाई। विधायक अशोक भगत ने आरोप लगाते हुए कहा कि कोयला बालू और ट्रक से कलेक्शन से फुरसत मिले तब न आम जनता की सुरक्षा होगी। आम जनता को कोई सुरक्षा नहीं मिल रहा है। यहां अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है। पूर्व में भी अपराधियों ने एक व्यवसाय से रंगदारी ली थी। लेकिन पुलिस आज तक कोई कार्यवाही नहीं कर सकी है।


