
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। जल गंगा संवर्धन अभियान 2026 और जल स्रोत सेवा समागम के द्वितीय चरण के अंतर्गत देवना नदी के उद्गम स्थल ‘जठान देव’ पर एक वृहद स्वच्छता अभियान एवं विधिवत पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जल स्रोतों के संरक्षण और प्रकृति के प्रति जागरूकता जगाने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में स्थानीय स्वयंसेवकों और सामाजिक संस्थाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और श्रमदान कर एक अनूठी मिसाल पेश की।
पॉलिथीन मुक्त हुआ पवित्र उद्गम स्थल
बुधवार को आयोजित इस अभियान के दौरान पवित्र उद्गम स्थल और उसके आसपास के क्षेत्र की सघन साफ-सफाई की गई। स्वयंसेवकों की अथक मेहनत से क्षेत्र से लगभग डेढ़ क्विंटल पॉलिथीन युक्त और अन्य हानिकारक कचरा एकत्रित किया गया। इस कचरे का मौके से हटाकर समुचित निस्तारण किया गया, जिससे जठान देव उद्गम स्थल अब पूरी तरह से स्वच्छ और अपने प्राकृतिक व सुंदर स्वरूप में लौट आया है।
इन संस्थाओं ने निभाई अहम भूमिका
इस सराहनीय पहल को सफल बनाने में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद (घोड़ाडोंगरी) के मार्गदर्शन में नवांकुर संस्था और एकता ग्रामीणजन सहयोग संस्था (पाढर) के स्वयंसेवकों की प्रमुख भूमिका रही। सभी ने मिलकर टीम भावना के साथ इस पवित्र स्थल को संवारने का कार्य किया.स्वच्छता और पूजन के इस पुनीत कार्यक्रम में कई गणमान्य नागरिक और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। मुख्य रूप से अनिल उइके (आदर्श ग्राम बाचा), संतोष राजपूत (ब्लॉक समन्वयक), जतिन प्रजापति (सेक्टर परामर्शदाता) इसके साथ ही एकता ग्रामीणजन सहयोग संस्था की ओर से श्याम बेलवंशी, संतोष हनोते, संजू यादव, वैभव सिंह, संतोष इवने, सुखदेव कागले, सुश्री राजेश्वरी साहू, राखी विश्वकर्मा, लखन विश्वकर्मा एवं गडडू उइके सहित अन्य स्वयंसेवकों ने अपनी सक्रिय और ऊर्जावान सहभागिता दर्ज कराई।




