जालौन
ऑपरेशन ‘दहन’ के तहत 680 किलोग्राम मादक पदार्थ नष्ट जालौन पुलिस की बड़ी कार्रवाई

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
उरई- पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश लखनऊ राजीव कृष्णन के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन दहन” के अंतर्गत जनपद जालौन में बड़ी कार्रवाई की गई। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में विभिन्न थानों में लंबित मादक पदार्थों से संबंधित 26 मुकदमों में बरामद कुल 26 माल वजन 680 किलोग्राम अनुमानित कीमत लगभग 04 करोड रुपये मादक पदार्थों का विधिवत विनष्टीकरण किया गया। यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन कानपुर आलोक सिंह एवं पुलिस महानिरीक्षक झांसी परिक्षेत्र झांसी आकाश कुलहरि के पर्यवेक्षण में संपन्न हुई। वहीं जिलाधिकारी जालौन राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक जालौन विनय कुमार सिंह के नेतृत्व में इस पूरे अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया। अपर पुलिस अधीक्षक जालौन डॉ. ईशान सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि न्यायालय के निर्देशों के क्रम में जनपद के विभिन्न थानों में दर्ज मादक पदार्थों से संबंधित अभियोगों में जब्त किए गए नशीले पदार्थों को नष्ट करने की प्रक्रिया पूरी की गई। इस दौरान सभी आवश्यक विधिक औपचारिकताओं का पालन किया गया और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम भी सुनिश्चित किए गए। उक्त मादक पदार्थों को राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई स्थित इंसुलेटर भट्टी में जलाकर नष्ट किया गया। इस प्रक्रिया के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी पारदर्शिता के साथ कार्रवाई की गई ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना न रहे। “ऑपरेशन दहन” अभियान का उद्देश्य न केवल मादक पदार्थों के अवैध भंडारण को समाप्त करना है बल्कि समाज में नशे के खिलाफ सख्त संदेश देना भी है। इस तरह की कार्रवाई से यह स्पष्ट होता है कि पुलिस और प्रशासन मादक पदार्थों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहे हैं। इस कार्रवाई से जहां एक ओर लंबित मामलों के निस्तारण में तेजी आई है वहीं दूसरी ओर अपराध पर अंकुश लगाने की दिशा में भी यह एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। जालौन पुलिस की इस पहल की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है। प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कहीं मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें ताकि इस प्रकार की गतिविधियों पर पूरी तरह से रोक लगाई जा सके और समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में ठोस प्रयास जारी रह सकें।

