
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। शहर के बाहुबली नगर कॉलोनी में जल निगम द्वारा कराए जा रहे पाइपलाइन कार्य ने स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। बिना समुचित योजना और सुरक्षा इंतजामों के की जा रही खुदाई के चलते जगह-जगह सड़कें खोदकर छोड़ दी गई हैं, जिससे आमजन का आवागमन बाधित हो रहा है और दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है। स्थानीय निवासी रिचा जैन ने बताया कि पिछले करीब 10 दिनों से कॉलोनी की मुख्य गली खुदी हुई पड़ी है। न तो किसी प्रकार के चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और न ही खुदाई के बाद गड्ढों को भरा गया है। इससे बच्चों और बुजुर्गों का घर से निकलना जोखिम भरा हो गया है। स्कूल जाने वाले कई बच्चे फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं। वार्ड के सभासद ने आरोप लगाया कि जल निगम ने कार्य शुरू करने से पहले न तो नगर पालिका से समन्वय किया और न ही स्थानीय निवासियों को इसकी जानकारी दी। पाइपलाइन डालने के बाद गड्ढों को खुला छोड़ दिया गया है, जिनमें पानी भरने से मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ गया है। शाम के समय घरों के बाहर बैठना तक मुश्किल हो गया है, जिससे डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। निवासियों का कहना है कि ठेकेदार रात में काम कर चला जाता है और दिन में मौके पर कोई जिम्मेदार व्यक्ति मौजूद नहीं रहता। खराब सड़क और पानी भरे गड्ढों के कारण कई बाइक सवार फिसलकर गिर चुके हैं, जिससे हादसों की आशंका लगातार बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि पाइपलाइन कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूरा कराया जाए, सभी गड्ढों को तत्काल भरा जाए तथा मच्छरों से बचाव के लिए फॉगिंग कराई जाए। इस संबंध में जल निगम के जूनियर इंजीनियर से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनका फोन रिसीव नहीं हुआ।



