बागपत

छपरौली नगर पंचायत में भ्रष्टाचार और लापरवाही के आरोप, मुख्यमंत्री से जांच की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
बड़ौत/बागपत : जनपद बागपत की नगर पंचायत छपरौली एक बार फिर विवादों में घिर गई है। स्थानीय निवासी शशिकांत पुत्र महेंद्र सिंह द्वारा मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को प्रेषित एक प्रार्थना पत्र में अधिशासी अधिकारी सीमा यादव पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। शिकायत में कहा गया है कि अधिकारी लगातार ड्यूटी से नदारद रहती हैं और कार्यालय में भी नियमित रूप से उपस्थित नहीं होतीं, जिससे आम जनता के कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
प्रार्थना पत्र के अनुसार नगर पंचायत कार्यालय में व्याप्त अव्यवस्थाओं के चलते जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि क्षेत्र में साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब है, कई स्थानों पर कूड़े के ढेर लगे हुए हैं और जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं है। वहीं, नगर में लगाए गए वाटर कूलर और स्ट्रीट लाइटें भी खराब पड़ी हैं, लेकिन उनके मरम्मत कार्य की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि बिना कार्य हुए ही बिलों का भुगतान किया जा रहा है, जिससे सरकारी धन का दुरुपयोग हो रहा है। इसके अलावा, गोशाला में रखे गए गोवंश के लिए चारा और देखभाल की समुचित व्यवस्था नहीं होने की बात भी सामने आई है। आरोप है कि सरकार से मिलने वाली राशि का सही उपयोग नहीं हो रहा, जिसके कारण गोवंश भूखे रहने को मजबूर हैं।
प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि अधिशासी अधिकारी तहसील दिवस जैसे महत्वपूर्ण आयोजनों में भी अनुपस्थित रहती हैं और पूर्व में स्थानीय लोगों द्वारा किए गए विरोध के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। साथ ही यह आरोप भी लगाया गया है कि अधिकारी के पति का कार्यों में अनावश्यक हस्तक्षेप रहता है, जिससे पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
पीड़ित ने मुख्यमंत्री से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button