नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो।
कालपी (जालौन)। नगर क्षेत्र में प्रेम प्रसंग के चलते एक युवती के लापता होने का मामला सामने आया है। युवती के पिता ने नगर निवासी एक युवक पर बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर के एक मोहल्ले की विशेष समुदाय की युवती का रामचबूतरा निवासी युवक शिवम के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों आपसी सहमति से विवाह करना चाहते थे, लेकिन युवती के परिजनों को यह संबंध मंजूर नहीं था। इसी बीच गत सप्ताह दोनों घर से अचानक लापता हो गए। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग न लगने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस जब युवक के घर पहुंची तो वहां ताला बंद मिला और परिजन भी गायब थे। इसके बाद युवती के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक शिवम के खिलाफ बहला-फुसलाकर अपहरण करने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच कर रहे टरननगंज चैकी इंचार्ज सुरेश चंद्र ने बताया कि प्रारंभिक जांच में युवक और युवती दोनों के बालिग होने की बात सामने आई है। फिलहाल दोनों की तलाश की जा रही है और बरामद होने पर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।

