भारत की जनगणना 2027 के निमित्त प्रथम चरण को लेकर उपायुक्त ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस
Deputy Commissioner held a press conference regarding the first phase of Census of India 2027.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण के सफल संचालन को लेकर उपायुक्त श्रीमती मेघा भारद्वाज ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि झारखंड राज्य में जनगणना का प्रथम चरण 16 मई 2026 से 14 जून 2026 तक संचालित किया जाएगा। इस दौरान मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य किया जाएगा। उपायुक्त ने बताया कि आम नागरिकों की सुविधा के लिए 01 मई से 15 मई 2026 तक स्व-गणना (Self Enumeration) की व्यवस्था की गई है। नागरिक निर्धारित पोर्टल पर जाकर स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में इस सुविधा का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की मजबूत आधारशिला है। इसके आधार पर ही सरकार विकास योजनाओं का निर्माण, संसाधनों का वितरण और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का संचालन करती है। इसलिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
34 बिंदुओं पर जुटाई जायेगी जानकारी
मकान सूचीकरण के दौरान प्रगणकों द्वारा कुल 34 बिंदुओं पर जानकारी एकत्र की जाएगी। इसमें भवन की संरचना, उपयोग, परिवार की संख्या, पेयजल, बिजली, शौचालय, इंटरनेट सुविधा, वाहन, ईंधन, अनाज उपभोग सहित अन्य महत्वपूर्ण विवरण शामिल हैं। 07 चार्ज पदाधिकारी किए गए नियुक्त जनगणना कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा 07 चार्ज पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है। सभी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
द्वितीय चरण में होगी जनसंख्या की गणना
उपायुक्त ने बताया कि द्वितीय चरण में 09 फरवरी 2027 से 28 फरवरी 2027 तक वास्तविक जनसंख्या गणना की जाएगी, जिसमें पहले चरण के आंकड़ों का सत्यापन भी किया जाएगा। सहयोग की अपील उपायुक्त ने आम जनता, जनप्रतिनिधियों और मीडिया से जनगणना को सफल बनाने में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि नागरिक प्रगणकों को सही और पूर्ण जानकारी दें तथा जनजागरूकता फैलाने में सहयोग करें। इस अवसर पर अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन, अनुमंडल पदाधिकारी साईमन मरांडी, स्थापना उप समाहर्ता त्रिभुवन कुमार सिंह, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी चंद्रजीत खलखो, एसएमपीओ पवन कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित थे।



