ललितपुर

स्वशासी मेडिकल कॉलेज में मनाया गया गुजरात स्थापना दिवस

गरबा, लोकनृत्य, जागरूकता शिविर और सद्भावना यात्रा के जरिए दिया एक भारत श्रेष्ठ भारत का संदेश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में राज्यपाल एवं कुलाधिपति के निर्देशानुसार गुजरात स्थापना दिवस (गुजरात गौरव दिवस) उत्साह और गरिमामय माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन एक भारत श्रेष्ठ भारत अभियान के अंतर्गत किया गया, जिसमें सांस्कृतिक, सामाजिक एवं जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। शुभारंभ प्राचार्य डा.मयंक कुमार शुक्ला द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी और सरदार वल्लभभाई पटेल जैसी महान विभूतियों की कर्मभूमि गुजरात देश की एकता और अखंडता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक समरसता को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम के अंतर्गत छात्र-छात्राओं ने गुजरात की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रस्तुत करते हुए गरबा, रास और लोकनृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा एचपीवी वैक्सीन और गर्भाशय कैंसर की रोकथाम को लेकर जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। संस्थान के छात्र-छात्राओं ने स्वास्थ्य जागरूकता के उद्देश्य से सद्भावना यात्रा भी निकाली, वहीं विद्यार्थियों को स्थानीय मंदिर का शैक्षणिक भ्रमण भी कराया गया। अकादमिक सत्र में डा.सूरवीर सिंह ने उत्तर प्रदेश और गुजरात के सांस्कृतिक संबंधों पर तथा डा.आशीष निरंजन ने आत्मनिर्भर भारत में गुजरात के योगदान पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम में महाविद्यालय के संकाय सदस्य, रेजिडेंट डॉक्टर, इंटर्न, नर्सिंग स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button