गोड्डा

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले मरीजों को बेहतर चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराया जाय : डीसी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
गोड्डा। डीसी लोकेश मिश्रा द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पोड़ैयाहाट का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सीय व्यवस्थाओं, साफ-सफाई, दवा की उपलब्धता तथा मरीजों को प्रदान की जा रही सेवाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने अस्पताल परिसर, ओपीडी, प्रसव कक्ष, वार्ड, औषधि वितरण केंद्र, पैथोलॉजी कक्ष, कुपोषण उपचार केंद्र (एमटीसी), टीकाकरण कक्ष एवं आपातकालीन सेवा कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से बातचीत कर उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं एवं उपचार व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की। उपायुक्त ने चिकित्सा पदाधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश देते हुए कहा कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अस्पताल परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने, नियमित रूप से दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने उपस्थित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति पंजी की भी जांच की तथा अस्पताल में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक पारदर्शिता एवं तत्परता के साथ पहुंचाया जाए।उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करना प्रशासन की प्राथमिकता है तथा इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अस्पताल में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं को और बेहतर बनाने हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी फुलेश्वर मुर्मू, अंचलाधिकारी अमित किस्कू, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रमेश कुमार, चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button