मथुरा
छाता कोतवाली क्षेत्र में ग्रामीणों से भिड़े अवैध खनन माफिया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। छाता कोतवाली क्षेत्र की केडी चौकी अंतर्गत गांव तरौली में अवैध मिट्टी खनन को लेकर ग्रामीण और खनन माफियाओं के बीच विवाद हो गया। देर रात तक क्षेत्र में तनाव का माहौल बका रहा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने खनन पर कार्रवाई करने के बजाय उन्हें ही हड़का दिया। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में रात के समय मिट्टी से भरे हाईवा और डंपर तेज रफ्तार में गुजरते हैं। वाहनों के प्रेशर हॉर्न और तेज आवाज से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण हरकेश, संजय, वीरेंद्र ने बताया कि भारी वाहनों से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। विरोध करने पर खनन से जुड़े लोगों ने ग्रामीणों से कहासुनी कर दी। सूचना मिलने पर डायल 112 और केडी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने उनकी शिकायत सुनने के बजाय उन्हें ही धमकाया। इसके बाद ग्रामीण शिकायत लेकर छाता कोतवाली पहुंचे लेकिन वहां भी संतोषजनक जवाब नहीं मिला। घटना के दौरान हुई नोकझोंक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस कार्रवाई से नाराज ग्रामीण बाद में मंत्री प्रतिनिधि नरदेव चौधरी से मिले। मंत्री प्रतिनिधि ने जांच कराकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। सीओ भूषण वर्मा ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।



