कैराना

झुलसी विवाहिता की उपचार के दौरान मौत,परिवार में मचा कोहराम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
कैराना। मोहल्ला आलदरम्यान में एक सप्ताह पूर्व हुए दर्दनाक अग्निकांड में गंभीर रूप से झुलसी विवाहिता की उपचार के दौरान मौत हो गई। इससे पहले घटना में उसकी दो मासूम बेटियों की दम घुटने से मौत हो चुकी थी। मामले में पुलिस पहले ही मृतका के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर सास को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। विवाहिता की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
गत सात मई को मोहल्ला आलदरम्यान निवासी अनीता संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गई थी। मकान से धुआं उठता देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई थी। मोहल्लेवासियों ने छत के रास्ते घर में प्रवेश कर किसी तरह आग पर काबू पाया था। इसके बाद गंभीर हालत में अनीता और उसकी दो मासूम बच्चियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कैराना पर पहुंचाया गया था। चिकित्सकों ने दोनों बच्चियों को मृत घोषित कर दिया था। बताया गया था कि उनकी मौत दम घुटने के कारण हुई थी, जबकि गंभीर रूप से झुलसी अनीता को प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया था, जहां वह पिछले कई दिनों से जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही थी। गुरुवार देर रात उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। घटना के बाद मृतका के भाई ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करते हुए सास को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अब विवाहिता की मौत के बाद मामले में नई धाराएं बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। उधर, महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम पसर गया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button