बागपत

बागपत में भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक का चौथा स्थापना दिवस धूमधाम से संपन्न

सक्षम पंडित बोले—“किसान की आवाज को गांव-गांव तक पहुंचाना ही संगठन का लक्ष्य”

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बागपत। कोताना रोड स्थित शर्मा फार्म हाउस में भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक का चौथा स्थापना दिवस बड़े उत्साह, जोश और किसान एकता के संकल्प के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सहदेव सिंह ने की, जबकि मंच संचालन संगठन के सक्रिय पदाधिकारी सक्षम पंडित द्वारा प्रभावशाली ढंग से किया गया।
कार्यक्रम में जिलेभर से पहुंचे किसानों, संगठन पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने किसान हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान फसलों के उचित मूल्य, सिंचाई, बिजली, बढ़ती लागत, आवारा पशुओं की समस्या, गन्ना भुगतान, कृषि कानूनों से जुड़े प्रभाव और ग्रामीण क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।
मंच संचालन करते हुए सक्षम पंडित ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक केवल एक संगठन नहीं, बल्कि किसानों के सम्मान, अधिकार और स्वाभिमान की आवाज है। उन्होंने कहा कि किसान आज भी अनेक चुनौतियों से जूझ रहा है, लेकिन यदि किसान संगठित हो जाए तो उसकी आवाज को कोई दबा नहीं सकता।
सक्षम पंडित ने कहा, “हमारा उद्देश्य केवल समस्याएं गिनाना नहीं, बल्कि उनके समाधान के लिए गांव-गांव तक किसान चेतना जगाना है। संगठन का हर कार्यकर्ता किसानों के सुख-दुख में साथ खड़ा रहेगा। किसान देश का अन्नदाता है, इसलिए उसके सम्मान और अधिकारों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।”
उन्होंने संगठन विस्तार पर जोर देते हुए कहा कि भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक आने वाले समय में प्रत्येक गांव तक अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराएगा, ताकि कोई भी किसान स्वयं को अकेला महसूस न करे। उन्होंने युवाओं से भी किसान हित में आगे आने और संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में संगठन के सहयोगी एडवोकेट दीपक शर्मा ने भी किसानों के समर्थन में अपने विचार रखते हुए कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए कानूनी जागरूकता और सामाजिक एकता दोनों जरूरी हैं।
वक्ताओं ने किसानों के अधिकारों की रक्षा, संघर्ष को तेज करने और संगठन को और मजबूत बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।
इस अवसर पर राजवीर राठी, लोकेन्द्र पंवार, जयभगवान शर्मा, एडवोकेट दीपक शर्मा, हरेंद्र तोमर, सुदेश राठी, राकेश पंवार, मा. ओमपाल राठी सहित अनेक किसान, संगठन पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
स्थापना दिवस समारोह किसान एकता, संगठन शक्ति और किसान सम्मान के संदेश के साथ संपन्न हुआ।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button