
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कैराना। तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों ने विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। हालांकि, कुल प्राप्त 30 शिकायतों में से मौके पर केवल चार का ही निस्तारण हो सका, जबकि शेष मामलों को शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों को भेज दिया गया।
संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन एडीएम शामली सत्येंद्र सिंह की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में राजस्व, पुलिस, विद्युत, विकास, नगर तथा अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें सामने आईं।फरियादियों ने भूमि विवाद, रास्तों की समस्या, जल निकासी, बिजली आपूर्ति तथा सरकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। अधिकारियों ने संबंधित विभागीय कर्मचारियों एवं अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि फरियादियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। एडीएम ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाना जरूरी है। इस दौरान एसडीएम कैराना शिवाजी यादव, तहसीलदार अर्जुन चौहान समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।