मथुरा

गोवर्धन में महिला सभासद का आरोप

चेयरमैन के देवर ने दी जूते मारने की धमकी

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
मथुरा। गोवर्धन नगर पंचायत की बोर्ड बैठक अब सियासी संग्राम में बदलती नजर आ रही है। बैठक में हुए कथित हंगामे का वीडियो वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया है। महिला सभासद रेनू ठाकुर ने चेयरमैन के पति और देवर पर गंभीर आरोप लगाते हुए अधिशाषी अधिकारी से एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है। सभासद का आरोप है कि 11 मई को बोर्ड बैठक के दौरान अध्यक्ष के पति मनीष कुमार और उनके देवर संदीप ने बिना अधिकार सभागार में प्रवेश कर बैठक की कार्यवाही में दखल दिया। आरोप है कि दोनों ने सभासदों के साथ अभद्र व्यवहार किया और धमकियां दीं। वीडियो में स्पष्ट है कि विवाद के बीच ईओ चुप्पी साध कर बैठे हैं। रेनू ठाकुर ने लिखित शिकायत में कहा है कि अध्यक्ष के देवर ने बैठक के बाहर सभासदों को जूते मारने की धमकी दी। इससे बैठक का माहौल तनावपूर्ण हो गया और कई सभासद भयभीत हो गए। महिला सभासद ने आरोप लगाया कि उनके लिए अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया गया। शिकायत में कहा गया है कि निर्वाचित प्रतिनिधियों को धमकाना और सरकारी कार्य में हस्तक्षेप करना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। सभासद ने ईओ चैतन्य तिवारी से मांग की है कि नगर पंचायत कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सुरक्षित कर पुलिस को सौंपी जाए और आरोपियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई कराई जाए। सभासद ने चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे में कार्रवाई नहीं हुई तो वह उच्च अधिकारियों से शिकायत करने के साथ न्यायालय की शरण लेंगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button