बरेली
सत्संग सुनने से होता है जीव का कल्याण: महात्मा गेंदनलाल
स्वामी दिव्यानंद योग साधना आश्रम में हुआ मासिक सत्संग और भंडारा

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। नगर पंचायत रिठौरा के भंडसर रोड स्थित स्वामी दिव्यानंद योग साधना आश्रम में रविवार को मासिक सत्संग का श्रद्धापूर्वक आयोजन किया गया। भक्तिमय माहौल में आयोजित इस समागम में रिठौरा और आसपास के ग्रामीण इलाकों से आए एक हजार से अधिक सत्संगियों ने गुरु महिमा का श्रवण किया।
सत्संग को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता महात्मा गेंदनलाल बाबूजी ने कहा कि सांसारिक मोह-माया के बीच मानव जीवन का परम लक्ष्य जीव का कल्याण करना है, जो केवल सत्संग सुनने और संतों के सानिध्य से ही संभव है। सत्संग मनुष्य के भीतर छिपे अज्ञान को दूर कर सद्मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
प्रोवचनों के साथ विचारों का हुआ आदान-प्रदान
कार्यक्रम के दौरान आयोजित विचार गोष्ठी में मेजर साहब, मेवाराम, हरिओम, पूरनलाल और रोहन लाल ने भी अपने सारगर्भित विचार रखे। उन्होंने कहा कि योग, साधना और गुरु की शरण में जाने से ही सांसारिक कष्टों से मुक्ति मिलती है और मन को शांति प्राप्त होती है।
भंडारे में उमड़ा जनसैलाब, सेवादारों ने निभाई भूमिका
सत्संग की पूर्णाहुति के बाद आश्रम परिसर में एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जहां सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पंक्तिबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया। इस पुनीत और धार्मिक कार्य को व्यवस्था सहित संपन्न कराने में हिरदेश यादव ,अमित कुमार गुप्ता नरेंद्र गंगवार, मोहन स्वरूप, चंदन, रोहित, वीरेंद्र पाल गंगवार, आदर्श गंगवार और रेखा गंगवार आदि का विशेष सहयोग रहा। सभी सेवादारों ने आगंतुक भक्तों की पूरी निष्ठा के साथ सेवा की।



