बरेली
बिथरी चैनपुर के भरतौल में बाल विकास विभाग और ‘प्रथम’ संस्था की शानदार पहल, जुटे सैकड़ों अभिभावक

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। बिथरी चैनपुर विकास खंड के ग्राम भरतौल में आज बालमन की अनूठी रंगत देखने को मिली। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग और प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के साझा सहयोग से 3 से 6 वर्ष के बच्चों के लिए ‘स्कूल रेडीनेस मेले’ का धमाकेदार आयोजन किया गया। इस अनूठे मेले का मकसद गांव के नन्हे-मुन्नों के मन से स्कूल का खौफ निकालना और उन्हें खेल-खेल में अक्षर ज्ञान से जोड़ना रहा।
मेले की शुरुआत मुख्य अतिथि जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार, सीडीपीओ विमला कुमारी, ग्राम प्रधान प्रवेश प्रथम संस्था के जितेंद्र कुमार यादव ने माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप जलाकर की।
मेले में बच्चों के बौद्धिक और शारीरिक विकास को परखने के लिए कई दिलचस्प स्टॉल सजाए गए थे। गाँव के नन्हे-मुन्नों ने इन स्टॉलों पर ऐसा हुनर दिखाया कि अधिकारी भी गद्गद हो गए।
जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार ने अभिभावकों को समझाते हुए कहा कि 3 से 6 साल की उम्र बच्चों के दिमाग के विकास के लिए सबसे अहम होती है। वहीं सीडीपीओ विमला कुमारी ने माताओं से अपील की कि वे बच्चों को मोबाइल से दूर रखकर घर पर ही खेल-खेल में कुछ न कुछ सिखाने की आदत डालें।
इस जमीनी आयोजन को कामयाब बनाने में प्रथम संस्था के जितेंद्र कुमार यादव, आंगनबाड़ी कार्यकत्री शोभा, डॉ. देवेंद्र गंगवार, शैलजा त्रिपाठी, आनंद कुमार, प्रिया भारतीय, पूजा पाल, आशा विशिष्ट हरजीत सिंह और शिवानी जौहरी का विशेष योगदान रहा।



