असम के रंगिया में कामरूप जिला पथ सुरक्षा समिति की बैठक
वाहनों के नियंत्रण और जनसुविधाओं पर ज़ोर।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
असम के कामरूप जिले की जिला पथ सुरक्षा समिति की मासिक बैठक बुधवार को रंगिया स्थित सम-जिला आयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में कामरूप जिला आयुक्त देव कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में कामरूप के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुभाषीष बरुआ , अतिरिक्त जिला आयुक्त आदित्य गोगोई, रंगिया के सम-जिला आयुक्त मृदुस्मिता बोरा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पूर्णम पेगू तथा पथ सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में पिछली जिला सड़क सुरक्षा समिति की निर्णयों की प्रगति की समीक्षा की गई और जिले में सड़क सुरक्षा तथा आम जनता की सुविधा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभिन्न कदमों पर विस्तृत चर्चा हुई। विशेष रूप से रंगिया शहर में यातायात नियंत्रण से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर बात की गई। एन टी रोड पर यातायात जाम कम करने और व्यवस्थित वाहन संचालन सुनिश्चित करने के लिए एकतरफा पार्किंग व्यवस्था लागू करने पर सहमति बनाम चर्चा हुई। साथ ही एनटी रोड व अन्य संवेदनशील स्थानों पर दोनों तरफ असामाजिक व अवैध पार्किंग को रोके जाने के उपायों पर भी विचार किया गया। बैठक में यह भी निर्णय प्रस्तावित किया गया कि शहर में संचालित ई-रिक्शाओं पर बेहतर नियमन, जवाबदेही और अधिक सुरक्षित परिचालन सुनिश्चित करने हेतु नगर परिषद के अधीन अनिवार्य पंजीकरण व्यवस्था लागू की जाए। इससे परिचालकों का संचालन नियमबद्ध होगा और दुर्घटना व अनुशासनहीनता में कमी आएगी। जिला आयुक्त देव कुमार मिश्रा ने सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वित प्रयासों के माध्यम से सड़क सुरक्षा को मजबूत करने, यातायात नियंत्रण को और अधिक प्रभावी बनाने तथा यात्रियों और आम जनता की सुविधाओं को बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में प्रस्तावित परिवर्तनों का क्रियान्वयन शीघ्रता से सुनिश्चित किया जाएगा और संबंधित जगहों पर निगरानी व प्रवर्तन कड़ा किया जाएगा। बैठक में आगे की रणनीतियों, निगरानी तंत्र और जनता जागरूकता अभियानों पर भी चर्चा की गई ताकि सड़क सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित हो सके और रंगिया व आस-पास के क्षेत्रों में सुरक्षित तथा सुगम यातायात व्यवस्था कायम रहे।



