जालौन

खेल मैदान में क्रिकेट प्रेमियों ने खिलाड़ियों का किया उत्साह वर्धन

सदर विधायक ने नाइट क्रिकेट मैच का तीसरे दिन कराया शुभारंभ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कोंच (जालौन)। ग्राम तीतरा स्थित एमएसडी महाविद्यालय के ग्राउंड में चल रहे नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट के तीसरे दिन शुक्रवार की रात खेले गए तीनों लीग मैच रोमांच से भरपूर रहे। चैकों-छक्कों पर हजारों दर्शकों क्रिकेट प्रेमियों ने खूब तालियां बजाई और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
क्षेत्रीय विधायक मूलचंद्र निरंजन के आयोजकत्व में माधौगढ़ विधानसभा प्रीमियर नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट में शुक्रवार को उरई सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचंद्र निरंजन व भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रामेंद्र सिंह सेंगर बतौर अतिथि उपस्थित रहे जिन्होंने मैदान पर टॉस कराकर और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच आरंभ कराया। सदर विधायक ने कहा कि फ्लड लाइट्स में उम्दा व्यवस्थाओं के बीच टूर्नामेंट आयोजित कराना निश्चित रूप से प्रशंसनीय कार्य है जिसके लिए विधायक मूलचंद्र बधाई के हकदार हैं। टूर्नामेंट आयोजन समिति के प्रमुख आशु निरंजन महतवानी के नेतृत्व में सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत सम्मान किया। वहीं, पहला मैच बजरंग क्रिकेट क्लब ताहरपुरा एवं तीतरा इलेवन टीम के मध्य खेला गया। कप्तान सागर प्रजापति की अगुवाई में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ताहरपुरा की टीम ने निर्धारित 8 ओवरों में 3 विकेट गंवाकर 59 रन बनाए। जबाव में कप्तान पंकज यादव की तीतरा टीम 9 विकेट खोकर सिर्फ 39 रन ही बना सकी और टीम मैच हार गई। ताहरपुरा टीम के गेंदबाज समीर खान ने घातक गेंदबाजी कर 3 विकेट हासिल कर मेन ऑफ द मैच का पुरस्कार जीता। दूसरा मैच खकसीस इलेवन और इलेवन स्टार बरोदा टीम के बीच हुआ। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए खकसीस की टीम ने 8 विकेट खोकर 48 रनों का लक्ष्य रखा। कप्तान पवन निरंजन के नेतृत्व में बरोदा की टीम ने 3 विकेट खोकर पांच ओवर दो गेंद खेलकर मैच जीत लिया। बरोदा टीम के आलराउंडर खिलाड़ी मनीष ने 12 रन बनाये और 3 विकेट लिए जिन्हें मेन ऑफ द मैच चुना गया। तीसरा मैच बजरंग क्रिकेट क्लब ताहरपुरा और इलेवन स्टार बरोदा टीम के बीच हुआ। बरोदा की टीम ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला लिया। ताहरपुरा की टीम ने 7 विकेट खोकर 69 रन बनाए। जबाव में बरोदा की टीम 3 विकेट खोकर 68 रन ही बना सकी, और सिर्फ 1 रन से टीम को हार का मुंह देखना पड़ा। ताहरपुरा टीम के आलराउंडर खिलाड़ी रोहित ने 13 रन बनाए जबकि 1 विकेट हासिल किया। इन्हें मेन ऑफ द मैच घोषित किया गया। तीनों मैचों के मेन ऑफ द मैच चुने गए खिलाड़ियों को शील्ड और पांच-पांच सौ रुपए का नकद इनाम प्रदान किया गया। अंपायर की भूमिका सूरज त्रिपाठी एवं शिशिर कुमार ने निभाई। कमेंट्री प्रदीप धनौरा, विकास पटेल की। स्कोरर की भूमिका अभिजीत चैहान, राज ठाकुर एवं सोमेंद्र चमरसेना ने निभाई। मैच की ऑनलाइन लाइव की व्यवस्था में मानस मिश्रा, विमल और अर्पित शामिल रहे। पिच से लेकर मैदान की अन्य सारी व्यवस्थाओं में आयोजन समिति प्रमुख आशु निरंजन के दिशा निर्देशन में कमेटी के सदस्य आकाश निरंजन छानी, अंकित पटेल, आकाश, नेहरू, हिमांशु, पंकज, जीतू, राज आदि शामिल रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button