जालौन

जालौन में स्वास्थ्य सेवाओं की बड़ी सौगात

अब नगर में ही मिलेगा 5 लाख तक मुफ्त इलाज

आयुष्मान योजना से जुड़ा महान हॉस्पिटल, अब कानपुर-झांसी की दौड़ से मिलेगी राहत
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जालौन। जालौन नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर बड़ी राहत की खबर सामने आई है। चुर्खी रोड स्थित महान हॉस्पिटल अब आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना से संबद्ध हो गया है। इसके बाद अब आयुष्मान कार्डधारक मरीजों को पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज और ऑपरेशन की सुविधा नगर में ही मिल सकेगी।
अब तक क्षेत्र के मरीजों को आयुष्मान योजना के तहत इलाज कराने के लिए उरई, कानपुर और झांसी जैसे बड़े शहरों की ओर जाना पड़ता था। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए दूसरे शहरों में इलाज कराना किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं था। इलाज के साथ यात्रा, रहने और खाने का खर्च भी मरीजों और उनके परिजनों पर अतिरिक्त बोझ बनता था।
क्षेत्र के लोगों की इसी परेशानी को समझते हुए डॉ. एमपी सिंह ने हॉस्पिटल को आयुष्मान योजना से जोड़ने का प्रयास किया। अब अस्पताल को आधिकारिक रूप से योजना से संबद्धता मिल चुकी है, जिससे नगर और ग्रामीण क्षेत्र के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
डॉ. एमपी सिंह ने बताया कि अस्पताल का उद्देश्य हर जरूरतमंद व्यक्ति तक बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में ऐसे परिवार हैं जो गंभीर बीमारियों और ऑपरेशन का खर्च उठाने में सक्षम नहीं होते। आयुष्मान कार्ड होने के बावजूद दूसरे शहरों तक जाने में काफी खर्च और परेशानियां होती थीं। इसी को ध्यान में रखते हुए अस्पताल में आयुष्मान योजना के तहत सुविधाएं शुरू की गई हैं।
उन्होंने बताया कि आयुष्मान कार्डधारक मरीज अस्पताल के हेल्प डेस्क पर पहुंचकर अपने कार्ड की पात्रता की जांच करा सकते हैं और योजना के तहत मुफ्त इलाज का लाभ उठा सकते हैं। योजना के अंतर्गत सामान्य सर्जरी, लेप्रोस्कोपिक सर्जरी समेत कई प्रकार के जटिल ऑपरेशन बिना किसी शुल्क के किए जाएंगे। इसके साथ ही मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
नगर में आयुष्मान योजना की सुविधा शुरू होने से लोगों में खुशी का माहौल है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि अब गंभीर बीमारी होने पर उन्हें बड़े शहरों के अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और गरीब परिवारों को समय पर बेहतर इलाज मिल सकेगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button