
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : मोदीनगर स्थित जगन्नाथ नर्सिंग कॉलेज में रविवार को भारतीय जनता पार्टी के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय “पं. दीनदयाल उपाध्याय जिला प्रशिक्षण वर्ग” का सफल समापन हुआ। प्रशिक्षण वर्ग में जिले भर से आए कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा राष्ट्र निर्माण और संगठन सशक्तिकरण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा गाजियाबाद जिलाध्यक्ष चौधरी चैनपाल ने की। समापन अवसर पर केंद्रीय प्रशिक्षित टोली सदस्य राजकुमार शर्मा, पूर्व सांसद राजेंद्र अग्रवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष बृजबहादुर सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी, प्रदेश मंत्री डॉ. चंद्रमोहन, विधायक संजीव शर्मा, पूर्व महानगर अध्यक्ष एस.पी. सिंह, प्रदेश मंत्री अमित बाल्मीकि, राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप, प्रदेश मंत्री बसंत त्यागी तथा राष्ट्रीय मंत्री एवं सांसद सुरेंद्र नागर सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
मुख्य वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का “एकात्म मानववाद” और “अंत्योदय” का विचार भाजपा की मूल प्रेरणा है। समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही संगठन की प्राथमिकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि प्रशिक्षण वर्ग में प्राप्त विचारों और अनुभवों को जनहित में धरातल पर उतारें।
दो दिनों तक चले प्रशिक्षण वर्ग में कुल 11 सत्र आयोजित किए गए। इन सत्रों में संगठन की कार्यपद्धति, वैचारिक आधार, पार्टी का इतिहास और विकास, चुनाव एवं बूथ प्रबंधन, मीडिया और सोशल मीडिया प्रबंधन, केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं, ‘मन की बात’ तथा देश के समक्ष वर्तमान चुनौतियों जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा और मार्गदर्शन दिया गया।
जिलाध्यक्ष चौधरी चैनपाल ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि प्रशिक्षण वर्ग से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा, वैचारिक स्पष्टता और संगठन के प्रति समर्पण की भावना मजबूत हुई है। कार्यक्रम में लोनी विधायक नंदकिशोर, मोदीनगर विधायक डॉ. मंजू शिवाच, जिला पंचायत अध्यक्षा ममता त्यागी, चेयरमैन विनोद वैशाली, ब्लॉक प्रमुख सुचेता सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्” के साथ हुआ।


