गाजियाबाद

भीषण गर्मी में अघोषित बिजली कटौती से जनजीवन अस्त-व्यस्त

प्रेम नगर के लोगों में भारी आक्रोश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : एक ओर भीषण गर्मी और प्रचंड तापमान से आम जनजीवन प्रभावित है, वहीं दूसरी ओर गाज़ियाबाद के रूप नगर डिवीजन अंतर्गत बलराम नगर-2 बिजली घर से जुड़े प्रेम नगर वार्ड-51 में लगातार हो रही अघोषित विद्युत कटौती ने लोगों की परेशानियां और बढ़ा दी हैं। हालात ऐसे हैं कि क्षेत्रवासियों को दिनभर में मुश्किल से 12 से 15 घंटे ही बिजली मिल पा रही है, जबकि शासन स्तर पर 22 से 24 घंटे विद्युत आपूर्ति का दावा किया जा रहा है।
प्रदेश सरकार द्वारा गर्मी के मौसम को देखते हुए विद्युत आपूर्ति की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है तथा जिलाधिकारी गाज़ियाबाद द्वारा शिकायतों के समाधान के लिए कंट्रोल रूम की भी स्थापना की गई है। इसके बावजूद प्रेम नगर क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती से लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई दिनों से बिना किसी पूर्व सूचना के घंटों बिजली काटी जा रही है, जिससे पेयजल संकट, घरेलू कार्यों में बाधा और विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। सबसे अधिक परेशानी छोटे बच्चों, बुजुर्गों और कामकाजी लोगों को उठानी पड़ रही है। भीषण गर्मी के बीच बिजली न होने से लोगों का घरों में रहना तक मुश्किल हो गया है।
क्षेत्रीय नागरिकों द्वारा कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। लोगों का आरोप है कि स्थानीय बिजली विभाग के अधिकारी समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।
इसी संबंध में प्रेम नगर निवासी पवन झा ने ट्रांसमिशन कॉर्पोरेशन उत्तर प्रदेश के प्रबंध निदेशक मयूर माहेश्वरी को पत्र भेजकर पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने तथा संबंधित अधिकारियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि शासन द्वारा 24 घंटे बिजली आपूर्ति के निर्देश हैं तो क्षेत्रवासियों को निर्धारित बिजली क्यों नहीं मिल रही, इसकी जवाबदेही तय होनी चाहिए।क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वे व्यापक जनआंदोलन करने को मजबूर होंगे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button