ललितपुर

राजकीय जिला पुस्तकालय में विद्यार्थियों को मिला सफलता का मंत्र

अनुशासन और एकाग्रता पर प्रेरक व्याख्यान आयोजित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। राजकीय जिला पुस्तकालय में विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणादायक व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 80 से 90 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण की भावना विकसित करना रहा। व्याख्यान के दौरान विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन, ध्यान, आत्मनियंत्रण और लक्ष्य के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि आज के समय में विद्यार्थियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती भटकता हुआ मन है। यदि छात्र केवल मन के अनुसार चलेंगे तो वह अपने लक्ष्य से भटक सकते हैं। विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा गया कि कि मन के पीछे डंडा लेकर चलो, मन के हिसाब से नहीं। कार्यक्रम में बच्चों को एकाग्रता बढ़ाने की सरल एवं प्रभावी तकनीकें भी बताई गईं। उन्हें समझाया गया कि जब पढ़ाई करें तो केवल पढ़ाई पर ध्यान दें, बातचीत करें तो सामने वाले को ध्यानपूर्वक सुनें और चलते समय अपने कदमों को महसूस करें। हर कार्य पूरे ध्यान और समर्पण के साथ करने की प्रेरणा दी गई। विद्यार्थियों को यह संदेश भी दिया गया कि वह प्रतिदिन स्वयं से एक सवाल जरूर पूछें जो मैं अभी कर रहा हूँ, क्या वह मुझे मेरे सपने तक ले जाएगा? इस प्रेरणादायक संदेश ने बच्चों को काफी प्रभावित किया। कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और रुचि के साथ व्याख्यान सुना तथा इसे अपने जीवन के लिए बेहद उपयोगी और प्रेरणादायक बताया। इस अवसर पर राजकीय जिला पुस्तकालय के कमलेश कुमार (लाइब्रेरियन), रोशनी पाल (सहायक लाइब्रेरियन) एवं सोनू सिंह (कंप्यूटर ऑपरेटर) का विशेष सहयोग रहा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button