कैराना

चार मंजिला स्कूल भवन के खिलाफ मुख्यमंत्री से शिकायत, अवैध निर्माण व मानकों की अनदेखी का आरोप

बिना मानचित्र स्वीकृति स्कूल संचालित करने का आरोप

शिकायतकर्ता ने हादसे की आशंका जताते हुए अवैध निर्माण ध्वस्त कराने की मांग उठाई
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। नगर के मोहल्ला कलालान में संचालित एक स्कूल भवन को लेकर विवाद गहरा गया है। मुख्यमंत्री को भेजे गए शिकायती पत्र में आवासीय प्लॉट पर बिना मानचित्र स्वीकृत कराए और विकास प्राधिकरण के मानकों की अनदेखी करते हुए चार मंजिला भवन निर्माण कर स्कूल संचालन करने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने मामले की जांच कर कार्रवाई और अवैध निर्माण ध्वस्त कराने की मांग की है।
मोहल्ला कलालान निवासी अकबर अब्बास जैदी ने मुख्यमंत्री को भेजे शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि जामा मस्जिद के निकट एक आवासीय प्लॉट पर विकास प्राधिकरण के मानकों के विपरीत चार मंजिला भवन का निर्माण कराया गया है। आरोप है कि उक्त भवन में डीएल स्कूल के नाम से विद्यालय संचालित किया जा रहा है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि भवन मानकों के अनुरूप नहीं होने के कारण भविष्य में किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। स्कूल में बच्चों की मौजूदगी को देखते हुए यदि कोई हादसा होता है तो उसके गंभीर परिणाम सामने आ सकते हैं। शिकायत में भवन के टिकाऊपन और सुरक्षा मानकों पर भी सवाल उठाए गए हैं। शिकायतकर्ता ने मुख्यमंत्री से मामले की जांच कराकर अवैध निर्माण और बहुमंजिला भवन के खिलाफ कार्रवाई करने तथा आवश्यक होने पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई कराने की मांग की है।शिकायती पत्र की प्रतिलिपि प्रमुख सचिव आवास एवं शहरी नियोजन विभाग, सचिव एवं उपाध्यक्ष मुजफ्फरनगर-शामली विकास प्राधिकरण तथा जिलाधिकारी शामली को भी भेजी गई है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button