ललितपुर

संतुलित खानपान और नियमित व्यायाम से मधुमेह पर पाया जा सकता है नियंत्रण

मेडिकल कॉलेज में मनाया गया विश्व मधुमेह दिवस

चिकित्सकों ने समय पर जांच और जागरूकता को बताया जरूरी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय एवं संबद्ध चिकित्सालय में शनिवार 14 नवंबर को विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से आमजन को मधुमेह (डायबिटीज) के प्रति जागरूक करते हुए इसके बचाव, समय पर पहचान और उचित उपचार की जानकारी दी गई। प्रधानाचार्य डा.(प्रो.) मयंक कुमार शुक्ला ने कहा कि मधुमेह तेजी से बढ़ती जीवनशैली संबंधी बीमारी है। संतुलित खानपान, नियमित व्यायाम, शारीरिक सक्रियता और समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण के माध्यम से इस बीमारी को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और जागरूकता से मधुमेह के गंभीर दुष्परिणामों से बचाव संभव है। अनियंत्रित मधुमेह के कारण हृदय रोग, गुर्दे की बीमारी, आंखों की रोशनी प्रभावित होने सहित कई गंभीर जटिलताएं उत्पन्न हो सकती हैं। इस दौरान सीएमएस डा.गजेन्द्र सिंह एवं चिकित्सा अधीक्षक डा.मधुरेन्द्र सिंह राजपूत ने भी मधुमेह की रोकथाम और बेहतर चिकित्सकीय सेवाओं के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बीमारी के प्रति जागरूकता के साथ समय पर चिकित्सकीय परामर्श और उपचार बेहद आवश्यक है। मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष डा.राजेश कुमार आर्य ने मधुमेह के प्रमुख लक्षणों, जोखिम कारकों और नियमित ब्लड शुगर जांच के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मधुमेह से पीडि़त मरीजों को उपचार के दौरान चिकित्सकीय सलाह का नियमित रूप से पालन करना चाहिए। वहीं गैर-संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम के प्रभारी पवन सूद ने मधुमेह की स्क्रीनिंग, शीघ्र पहचान और नियमित फॉलोअप की उपयोगिता के बारे में विस्तार से बताया। कार्यक्रम में डा.निखिल गुप्ता, डा.अम्बिका दुबे, डा.विनय सोनी सहित चिकित्सा महाविद्यालय के अन्य चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को संदेश दिया गया कि नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार, शारीरिक सक्रियता और चिकित्सकीय परामर्श अपनाकर मधुमेह को नियंत्रित रखा जा सकता है। चिकित्सकों ने आमजन से स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर समय से जांच कराने की अपील की।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button