कानपुर
रिवैम्प इंडिया फाउंडेशन द्वारा ग्राम सभा पतरसा मे सेनेटरी पैड का वितरण हुआ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कानपुर : विश्व मासिक धर्म स्वच्छता दिवस के अवसर पर रीवैम्प इंडिया फाउंडेशन द्वारा अपने फ्लैगशिप प्रोजेक्ट “उद्धती” के अंतर्गत यूनिचार्म के सहयोग से ग्राम सभा पतरसा में एक विशेष जागरूकता एवं स्वास्थ्य अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान के तहत ग्रामीण महिलाओं एवं किशोरियों के बीच 5000 से अधिक सेनेटरी पैड वितरित किए गए तथा उन्हें मासिक धर्म स्वच्छता, स्वास्थ्य सुरक्षा एवं स्वच्छ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि कमलावती सिंह रहीं। उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा “महिलाओं एवं बालिकाओं के स्वास्थ्य और सम्मान के लिए मासिक धर्म स्वच्छता पर खुलकर चर्चा होना समय की आवश्यकता है। ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता फैलाने के लिए रिवैम्प इंडिया फाउंडेशन द्वारा किया जा रहा यह प्रयास अत्यंत सराहनीय है। इस प्रकार के अभियान महिलाओं को आत्मविश्वास एवं स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वैभव सिंह राठौर, सीईओ, रिवैम्प इंडिया फाउंडेशन ने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल सेनेटरी पैड वितरण करना नहीं है, बल्कि माताओं और बहनों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना भी है। जब महिलाएं अपने स्वास्थ्य पर ध्यान देंगी तभी वे आगे बढ़ सकेंगी। महिलाएं परिवार का स्तंभ होती हैं और यदि वे स्वस्थ रहेंगी तो पूरे परिवार की बेहतर देखभाल कर सकेंगी। ‘उद्धती’ परियोजना के माध्यम से हम महिलाओं एवं किशोरियों को स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं आत्मविश्वास के प्रति जागरूक और सशक्त बनाने का निरंतर प्रयास कर रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं किशोरियों को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने,पोषण, स्वास्थ्य सुरक्षा एवं संक्रमण से बचाव से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी प्रदान की गई। ग्रामीण महिलाओं ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में सहायक सिद्ध होंगे। इस अवसर पर रिवैम्प इंडिया फाउंडेशन की टीम के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे एवं उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। रिवैम्प इंडिया फाउंडेशन भविष्य में भी अपने फ्लैगशिप प्रोजेक्ट “उद्धती” के माध्यम से महिलाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सशक्तिकरण हेतु इस प्रकार के सामाजिक अभियानों को निरंतर जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध है।



