नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
जालौन (उरई)। बीती रात्रि आए चक्रवाती तूफान ने भारी तबाही मचा दी। अचानक बदले मौसम के चलते नगर क्षेत्र में कई स्थानों पर पेड़ धराशायी हो गए तथा बिजली विभाग के पोल टूटने से विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। तूफान के कारण नगरवासियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
आंधी का असर लौना रोड, स्टेट बैंक के पास, तहसील परिसर, सीओ ऑफिस, कोतवाली परिसर तथा झंडा चैराहे पर साफ दिखाई दिया। झंडा चैराहे पर लगा तिरंगा झंडा भी तेज हवाओं के चलते क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं चुंगी नंबर चार पर पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसके अलावा मिथिला कोल्ड स्टोर और एयरटेल टावर को भी तूफान से भारी नुकसान पहुंचा है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन तत्काल सक्रिय हो गया। जालौन एसडीएम रिंकू सिंह राही मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों की कमान संभाली। क्षेत्राधिकारी शैलेंद्र बाजपेई एवं नगर पालिका ईओ सुशील कुमार दोहरे, नगर पालिका प्रतिनिधि पुनीत मित्तल ने नगर में जाम हटवाने तथा राहत कार्यों को तेजी से शुरू कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बिजली विभाग के अधिकारियों ने बताया कि तेज तूफान के कारण कई लाइनों में फाल्ट आ गया है, जिससे विद्युत आपूर्ति बाधित हुई है। विभाग की टीम लगातार मरम्मत कार्य में जुटी हुई है और लगभग पांच घंटे बाद बिजली सप्लाई बहाल होने की संभावना जताई गई है। प्रशासन ने नगरवासियों से धैर्य बनाए रखने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की अपील की है। नगर में कई स्थानों पर अब भी तूफान से हुए नुकसान के निशान साफ दिखाई दे रहे हैं।


