खैरथल
वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत जिलेभर में आयोजित हुए विविध कार्यक्रम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। राज्य सरकार के निर्देशानुसार वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को जिलेभर की ग्राम पंचायतों में जल संरक्षण, स्वच्छता एवं जनजागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के तहत ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग, स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण तथा वीबी जी राम जी के तहत सफाई, राजीविका के माध्यम से जल स्रोतों के संरक्षण एवं स्वच्छता गतिविधियों को प्राथमिकता देते हुए व्यापक स्तर पर कार्य किए गए।
अभियान के अंतर्गत प्राचीन तालाबों, जोहड़ों एवं अन्य जलाशयों की साफ-सफाई एवं मरम्मत कार्य कराए गए। गांवों के विभिन्न जल स्रोतों की मैपिंग, जोहड़ों की सफाई एवं संरक्षण संबंधी गतिविधियां भी संचालित की गईं। इसके साथ ही सोक्ता गड्ढों की साफ-सफाई तथा मंदिर, मुख्य मार्गों, चौराहों, मनाली एवं सार्वजनिक स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।
जिला प्रशासन के निर्देशन में आयोजित इन कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता रही। अभियान का उद्देश्य जल संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण एवं पर्यावरण संतुलन को मजबूत करना है।


