जालौन
नशा करना हो तो ज्ञान अमृत का नशा करो ताकि तन, मन स्वस्थ्य रहे
विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर ब्रह्मा कुमारीज ने जिला कारागार में बंदियो ंको नशा से दूर रहने का दिया संदेश
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
उरई (जालौन)। नशा नाश की जड़ होता है यह सभी लोग जानते हैं लेकिन फिर भी लोग नशा करना छोड़ते नहीं है आज समाज में जो भी विकृतियां बढ़ रही हैं चाहे वह हिंसा हो दुराचार हो या एक्सीडेंट की घटनाएं हो सभी का मूल कारण व्यसन ही है नशे की आदत घर में गरीबी का कारण बन जाती है। नशा ऐसी बीमारियों को जन्म देता है कि व्यक्ति के जीवन भर की कमाई इस बीमारी के इलाज में खत्म हो जाती है। इसलिए अगर किसी को कोई नशा करना है तो ज्ञान अमृत का नशा करो जिससे हमारा तन मन दोनों ही स्वस्थ रहे।
उक्त उदगार प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय उरई तुलसी नगर सेवा केंद्र द्वारा आयोजित तंबाकू निषेध दिवस के उपलक्ष में जिला कारागार में बंदियों के लिए किए गए कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी मीना दीदी द्वारा व्यक्त किए गए। इस अवसर पर जेल परिसर में व्यसन मुक्ति की प्रदर्शनी लगाई गई और उसके माध्यम से व्यसन मुक्ति का संदेश दिया गया। जेल में एक नुक्कड़ नाटक भाई बहनों के द्वारा प्रस्तुत किया गया। जिससे प्रेरित होकर बंदी भाइयों ने नशा छोड़ने का संकल्प लिया। बीके सरिता ने प्रदर्शनी समझाते हुए शरीर के अंगों पर व्यसनों से होने वाले अनेक दुष्प्रभाव के बारे में बताया और नशा छोड़ने के लिए विभिन्न प्रकार के टिप्स बताएं साथ ही उन्होंने कहा कि इस वर्ष का ब्रह्माकुमारीज का विषय है तंबाकू हमारे पर्यावरण के लिए खतरा है इसलिए पर्यावरण की रक्षा करें। इस मौके पर जिला डिप्टी जेलर अमर सिंह एवं उनके स्टाफ सहित करीब 200 कैदियों ने भाग लिया। इस कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी संस्थान से बीके बृजभान भाई, संतोषी बहिन, निधि, सुशील कंचन, रामस्वरूप पाठक, सूरज, गोविंद आदि अनेक लोग उपस्थित रहे।



