जालौन
नौ केंद्रों पर 19,584 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर रहेगा प्रतिबंध
8, 9 एवं 10 जून को प्रतिदिन दो पालियों में होगी परीक्षा
पारदर्शी, शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
उरई (जालौन)। उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा-2025 को नकलविहीन, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में सेक्टर मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं परीक्षा केंद्र व्यवस्थापकों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित यह परीक्षा जनपद में 8, 9 एवं 10 जून 2026 को प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 3 बजे से 5 बजे तक संपन्न होगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दास्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में परीक्षा के लिए कुल 9 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। केंद्रों पर तीनों दिनों की छः पालियों में कुल 19,584 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। प्रत्येक पाली में 3,264 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। उन्होंने कहा कि परीक्षा के सफल एवं सुचारु संचालन हेतु 9 केंद्र व्यवस्थापक, 9 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 9 स्टैटिक मजिस्ट्रेट, 9 सह केंद्र व्यवथापक, 9 परीक्षा सहायक, इसके अतिरिक्त 3 रिजर्व सेक्टर मजिस्ट्रेट, 3 रिजर्व स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं 3 रिजर्व केंद्र व्यवस्थापक भी नामित किए गए हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, बैठने की व्यवस्था, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा तथा अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं सत्यापन की प्रक्रिया निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों के भीतर किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे। अभ्यर्थी मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन, हेडफोन, कैलकुलेटर, डिजिटल डायरी, कैमरा, पेन ड्राइव अथवा अन्य किसी भी इलेक्ट्रॉनिक संचार उपकरण को परीक्षा केंद्र में नहीं ले जा सकेंगे। प्रवेश से पूर्व सभी अभ्यर्थियों की सघन जांच एवं सत्यापन कराया जाएगा। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने कहा कि परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा तथा सुरक्षा व्यवस्था के लिए विशेष निगरानी रखी जाएगी। परीक्षा को प्रभावित करने वाले किसी भी व्यक्ति अथवा समूह के विरुद्ध तत्काल कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे प्रेमचंद मौर्य, अपर जिलाधिकारी न्यायिक योगेंद्र सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ईशान सोनी, जोनल, सेक्टर, स्टेटिक मजिस्ट्रेट केंद्र व्यवस्थापक सहित जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पंडित मौजूद रहे।



