जालौन

कालपी में मंत्री स्वागत समारोह में जेबकतरों ने कई लोगों साफ की जेबें

जेब काटते एक जेबकतरा पकड़ा गया, सौंपा पुलिस को

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कालपी (जालौन)। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री मनोज पाण्डेय के कालपी आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम स्थल पर ढोल-नगाड़ों की गूंज, फूल-मालाओं की भरमार और कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने लायक था। बड़ी संख्या में लोग अपने लोकप्रिय नेता का स्वागत करने पहुंचे थे। लेकिन इसी भीड़ का फायदा उठाकर कुछ शातिर जेबकतरे भी सक्रिय हो गए और कई लोगों की जेबों पर हाथ साफ कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंत्री मनोज पाण्डेय के स्वागत के दौरान भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी। लोग मंत्री को माला पहनाने और उनका अभिवादन करने में व्यस्त थे। इसी दौरान जेबकतरों ने भीड़ में घुसकर अपने हाथ की सफाई दिखानी शुरू कर दी। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब लोगों ने अपनी जेबें टटोलीं तो कई लोगों के होश उड़ गए। जानकारी के अनुसार भाजपा नेता एवं सभासद कन्हैया मिश्रा की जेब से लगभग 3 हजार रुपये, करण सिंह सरसेला के 4 हजार 80 रुपये, शंकर दादा के 5 हजार रुपये, अमरदीप पाण्डेय के 5 हजार रुपये तथा गंगाराम के 1 हजार 300 रुपये चोरी हो गए। इस प्रकार कुल मिलाकर करीब 20 हजार रुपये की नकदी जेबकतरों द्वारा पार कर दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पीड़ितों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कालपी कोतवाली पुलिस सक्रिय हो गई और मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने भीड़ में मौजूद संदिग्ध लोगों की तलाश शुरू की और तत्परता दिखाते हुए एक जेबकतरे को पकड़ लिया। हालांकि उसका एक साथी भीड़ का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपी से पूंछतांछ की जा रही है। साथ ही उसके फरार साथी की तलाश के लिए विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा तथा चोरी गई रकम बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है। लोगों का कहना है कि जहां एक ओर मंत्री के स्वागत के लिए कार्यकर्ता पूरी तैयारी के साथ पहुंचे थे, वहीं दूसरी ओर जेबकतरों ने भी अपने विशेष अभियान को सफल बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। लोगों ने मजाकिया अंदाज में कहा कि मंत्री जी का स्वागत तो हुआ ही, साथ ही जेबकतरों ने भी कई लोगों का अभिनंदन कर दिया। फिलहाल मामला कालपी कोतवाली में दर्ज कर लिया गया है और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। घटना ने एक बार फिर भीड़भाड़ वाले आयोजनों में सतर्क रहने की आवश्यकता को उजागर कर दिया है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि सार्वजनिक कार्यक्रमों में अपने पैसे और कीमती सामान की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button