खेत में दबी मिली नीलगाय दूसरी नीलगाय का अब तक नहीं लगा सुराग जांच में जुटा वन विभाग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
संभल / धनारी। थाना धनारी क्षेत्र के ग्राम दिनौरा में मक्का के खेत से एक नीलगाय का शव बरामद होने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस और वन विभाग की टीम ने खेत की खुदाई कर एक नर नीलगाय का शव बाहर निकलवाया और उसका पोस्टमार्टम कराया।
ग्रामीणों का कहना है कि शनिवार शाम कुछ लोगों को खेत में खुदाई करते हुए देखा गया था। सूचना के आधार पर जब वन विभाग और पुलिस ने जांच की तो खेत में ताजा खुदाई के निशान मिले। खुदाई कराने पर जमीन के अंदर दबी नीलगाय बरामद हुई। जांच के दौरान एक बालक ने बताया कि गांव के आसपास दो नीलगाय मृत मिली थीं। एक नीलगाय खेत में आकर मर गई थी, जिसे गड्ढा खोदकर दबा दिया गया, जबकि दूसरी नीलगाय कहीं और पड़ी हुई थी। हालांकि, हैरानी की बात यह है कि दूसरी नीलगाय का अब तक कोई पता नहीं चल सका है और न ही उसके संबंध में कोई ठोस सुराग मिला है। वन विभाग और पुलिस की टीम अब दूसरी नीलगाय की तलाश में जुटी हुई है। ग्रामीणों के बीच भी इस बात को लेकर चर्चा है कि आखिर दूसरी नीलगाय कहां गई और उसका क्या हुआ। वन क्षेत्राधिकारी बृजमोहन ने बताया कि बरामद नीलगाय के शरीर पर कोई स्पष्ट चोट के निशान नहीं मिले हैं। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। उन्होंने कहा कि दूसरी नीलगाय के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। फिलहाल एक नीलगाय का शव मिलने और दूसरी नीलगाय के रहस्यमय तरीके से गायब होने से गांव में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। पुलिस और वन विभाग हर पहलू से मामले की जांच कर रहे हैं।




