
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बागपत। बागपत शहर के मोहल्ला मुगलपुरा स्थित एक खाली प्लॉट में युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर कोतवाली बागपत पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब साढ़े सात बजे मोहल्ला मुगलपुरा में खेकड़ा निवासी इरफान के खाली प्लॉट में एक युवक का शव पड़ा होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान बागपत शहर निवासी शहजान के रूप में कराई।
परिजनों ने बताया कि शहजान रविवार रात से लापता था। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला और उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा था। सोमवार सुबह पुलिस द्वारा सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे, जहां शहजान का शव पड़ा मिला।
मृतक के चाचा इकबाल ने शहजान की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि क्षेत्र में भी तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
उधर, कोतवाली बागपत प्रभारी बृजेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।



