ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देना हेमन्त सोरेन सरकार की प्राथमिकता- प्रो. स्टीफन मरांडी
Providing a platform for rural talent is a priority for the Hemant Soren government – Prof. Stephen Marandi

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
महेशपुर, पाकुड़। ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महेशपुर प्रखंड के भुंईडारा में आयोजित फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। भुंईडारा क्लब के सौजन्य से आयोजित इस प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी शामिल हुए। इस अवसर पर झामुमो के प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल वदूद भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने फुटबॉल को किक मारकर फाइनल मुकाबले का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। फाइनल मुकाबला फोटकाडांगा और माम्पी स्टार की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें फोटकाडांगा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक गोल से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में विजेता फोटकाडांगा की टीम को विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने 10 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया। वहीं, उपविजेता माम्पी स्टार की टीम को झामुमो प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल वदूद ने 8 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया। मैच के समापन के बाद उपस्थित खेलप्रेमियों और दर्शकों को संबोधित करते हुए विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन, संघर्षशीलता और एकता की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल उन्हें उचित मंच, संसाधन और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने की है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ निरंतर अभ्यास करने और अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के माध्यम से झारखंड सहित देश का नाम रोशन करने की अपील की। विधायक ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार की ओर से खेल के क्षेत्र में संचालित योजनाओं का उल्लेख करते हुए युवाओं से इनका लाभ उठाने का आह्वान किया। प्रो. मरांडी ने कहा कि ग्रामीण स्तर पर आयोजित फुटबॉल जैसी प्रतियोगिताएं स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देती हैं। ऐसे आयोजन युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ उन्हें भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के महत्व पर भी जोर दिया। कार्यक्रम में झामुमो के प्रखंड उपाध्यक्ष जोशीमुद्दीन शेख, प्रखंड सह सचिव अभिषेक कुमार सिंह, मोताहार शेख, मोहर्रम शेख, इकबाल हुसैन, अब्दुल मालेख, बोकुल शेख, मुर्शलिम शेख, रेहान शेख, हासिबुल शेख, आबू शेख और कुर्बान शेख सहित अन्य झामुमो कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इसके अलावा भुंईडारा क्लब के सदस्य, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी एवं दर्शक भी मौजूद थे।



