
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। प्रभातपट्टन तहसील के ग्राम हिवरखेड़ में भूमि विवाद को लेकर ग्राम की एक वृद्ध महिला और उसके पुत्र ने एसपी से शिकायत कर रिश्तेदारों पर गाली-गलौज, धमकी देने तथा सीमांकन कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप लगाए हैं।
आवेदन में कौसल्या गाठे और उनके पुत्र ओमप्रकाश गाठे ने आरोप लगाया है कि मौजा राजनी स्थित भूमि को लेकर पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा है। शिकायत के अनुसार राजस्व न्यायालय के निर्देश पर 30 मई को भूमि सीमांकन की प्रक्रिया के दौरान संबंधित पक्ष मौके पर उपस्थित हुए थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष द्वारा विवाद, गाली-गलौज और सीमांकन कार्य में बाधा उत्पन्न किए जाने का आरोप लगाया गया है। आवेदन में यह भी दावा किया गया है कि मौके पर मौजूद राजस्व अधिकारियों और कर्मचारियों के सामने विवाद हुआ।
– जान से मारने की धमकी देने का आरोप
शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि विवाद के दौरान उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने और झूठे मामलों में फंसाने की धमकियां दी गईं। आवेदन में उल्लेख किया गया है कि 2 जून को भी उनके घर के सामने कथित रूप से गाली-गलौज और धमकी दी गई। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इन घटनाओं के कारण परिवार भय और मानसिक तनाव की स्थिति में है।
– पुलिस कार्रवाई नहीं होने की शिकायत
आवेदन में दावा किया गया है कि मामले की शिकायत पहले भी पुलिस को की गई थी, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कार्रवाई के अभाव में संबंधित लोगों के हौसले बढ़ गए हैं। वृद्ध महिला ने स्वयं को अस्वस्थ बताते हुए सुरक्षा प्रदान करने और मामले में तत्काल अपराध दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
शिकायतकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए आरोपितों तथा उनके साथ मौजूद अन्य लोगों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की है।



