जालौन

अपराध नियंत्रण प्राथमिकता, अंतरजनपदीय अपराधियों पर होगी कड़ी कार्रवाईःएडीजी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
उरई (जालौन)। कानपुर जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) अनुपम कुलश्रेष्ठ ने पुलिस लाइन उरई सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि अपराध नियंत्रण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और अंतरजनपदीय एवं अंतरराज्यीय अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए पूरी ताकत लगाई जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी स्तरों पर सतर्कता बढ़ाई जा रही है।
जनपद जालौन के प्रथम दौरे पर पहुंचे एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा के दौरान उरई स्थित राजकीय इंटर कॉलेज एवं गांधी इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, परीक्षा कक्षों की व्यवस्थाओं तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की कार्यप्रणाली का गहन निरीक्षण किया। एडीजी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि भर्ती परीक्षा की निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अभ्यर्थी को भयमुक्त एवं निष्पक्ष वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। निरीक्षण के उपरांत एडीजी सर्किट हाउस पहुंचे, जहां उन्हें गार्द द्वारा सलामी दी गई। इसके बाद उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा, जनशिकायतों के निस्तारण तथा पुलिसिंग की गुणवत्ता की समीक्षा की। पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान एडीजी ने कहा कि जनपदों के बीच सक्रिय अपराधियों और संगठित अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे। उन्होंने मध्य प्रदेश सीमा से लगे क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि अंतरराज्यीय सीमाओं पर निगरानी बढ़ाई जाएगी तथा दोनों राज्यों की पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा। आगामी चुनावों को देखते हुए मध्य प्रदेश पुलिस के साथ संयुक्त बैठक आयोजित करने के भी निर्देश दिए गए।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button