ऑपरेशन दहन अभियान के अंतर्गत लगभग 7 करोड़ रुपए का नशीला ड्रग्स किया गया नष्ट…

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड़ (यूपी) – हापुड़ पुलिस ने ऑपरेशन दहन अभियान के अंतर्गत बड़ी कार्यवाही करते हुए लगभग 07 करोड़ रुपये मूल्य के नशीले मादक पदार्थ नष्ट किए हैं। जनपद के विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त किए गए मादक पदार्थों का विनिष्टीकरण जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में किया गया।हापुड के एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह की उपस्थिति में कोतवाली पिलखुवा क्षेत्र स्थित मैसर्स मेडीकेयर इन्वायरमेंट मैनेजमेंट प्रा. लि. में इंसीनरेटर के माध्यम से मादक पदार्थों का विनष्टीकरण किया । हापुड जनपद के कुल 78 एनडीपीएस एक्ट के अभियोगों से संबंधित जब्त मादक पदार्थों को नष्ट किया गया।
हापुड़ के एस पी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि, ऑपरेशन दहन अभियान के अंतर्गत माल मुकदमाती (अवैध मादक पदार्थ) के निस्तारण/डिस्पोजल कार्यक्रम के तहत मा0 न्यायालय द्वारा निर्गत आदेश के अनुपालन में गठित जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी गठित की गई जिसके द्वारा विभिन्न थानों पर पंजीकृत कुल 78 एनडीपीएस एक्ट के अभियोगों में जब्त मादक पदार्थ जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 6.97 करोड़ रुपये है , का विनिष्टीकरण थाना पिलखुवा क्षेत्रान्तर्गत मैसर्स मेडीकेयर इन्वायरमेन्ट मैनेजमेन्ट प्रा० लि० में इंसीनिरेटर के माध्यम से कराया गया है । विनिष्टीकरण मादक पदार्थों में 832.762 किलोग्राम गांजा, 24.050 किलोग्राम डोडा पोस्त, 1.380 किलोग्राम चरस, 162 ग्राम स्मैक और 3.005 किलोग्राम नशीली गोलियां शामिल थीं। पूरी प्रक्रिया निर्धारित मानकों और सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुरूप संपन्न हुई।
एस पी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि , हापुड़ पुलिस नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। इसके साथ ही आमजन से अपील करी है कि , यदि कहीं मादक पदार्थों की बिक्री या तस्करी की सूचना मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही की जा सके। पुलिस की इस कार्यवाही कोनशा उन्मूलन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


