मथुरा

कोसीकलां में जलभराव से परेशान महिलाओं ने नगर पालिका में उठाई आवाज

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
मथुरा। कोसीकलां में अग्रवाल कॉलोनी में जलभराव की समस्या को लेकर महिलाओं का धैर्य जवाब दे गया। बड़ी संख्या में महिलाएं नगर पालिका कार्यालय पहुंचीं और चेयरमैन धर्मवीर अग्रवाल से मुलाकात कर कॉलोनी में व्याप्त जलभराव एवं गंदे पानी की समस्या से शीघ्र निजात दिलाने की मांग की। महिलाओं ने चेतावनी दी कि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उन्हें आंदोलन किया जाएगा। महिलाओं ने चेयरमैन को बताया कि न्यू अग्रवाल कॉलोनी का गंदा पानी उनकी कॉलोनी में लगातार भर रहा है। जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण गलियां और रास्ते पानी से लबालब हैं। हालात ऐसे हैं कि लोगों को घरों से निकलने, बच्चों को स्कूल भेजने और दैनिक कार्यों के लिए गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। जगह-जगह जमा गंदे पानी से दुर्गंध फैल रही है, जिससे आसपास का वातावरण दूषित हो गया है। महिलाओं ने कहा कि बरसात के दिनों में स्थिति और भी भयावह हो जाती है। कई घरों के सामने पानी जमा होने से लोगों का निकलना मुश्किल हो जाता है। गंदे पानी में मच्छरों की संख्या बढ़ने से डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है। चेयरमैन धर्मवीर अग्रवाल ने आश्वासन दिया कि नगर पालिका इस मामले में जल्द कार्रवाई करेगी। नाले पर हुए अतिक्रमण जल निकासी में सबसे बड़ी बाधा बने हुए हैं। अतिक्रमणों के कारण नाले का पानी आगे नहीं बढ़ पा रहा है, जिससे आसपास की कॉलोनियों में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो रही है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका टीम द्वारा जल्द ही नाले का निरीक्षण कर अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई की जाएगी तथा जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाया जाएगा। लेखाकर योगेंद्र शर्मा, जेई जल विकास चौहान, राधा, बबीता, हरदेई, पुष्पा, प्रकाशी, पूनम, राजवती, कमलेश, जगवती, रानी, राजेश, सुखवीरा, सत्तो, ब्रजलता सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button